Human Live Media

HomeNewsचक्रवात ‘अकवान’ का कहर! ओडिशा-बंगाल में भारी बारिश, दिल्ली-UP में घना कोहरा और बढ़ी ठंड

चक्रवात ‘अकवान’ का कहर! ओडिशा-बंगाल में भारी बारिश, दिल्ली-UP में घना कोहरा और बढ़ी ठंड

देश के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान'
5b837344-2ef8-4f21-9672-fcca02a54009

देश के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में दिखाई देने लगा है। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में सुबह से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भी बारिश का दौर जारी है।

Table of Contents

    दूसरी तरफ पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे से भुवनेश्वर में बारिश की गतिविधियां तेज हुईं। चक्रवाती तूफान के कारण तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चल रही हैं और मौसम खराब बना हुआ है।

    गोपालपुर के पास तट पार कर चुका है चक्रवात

    अमरावती मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक डॉ. के. नागा रत्ना के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान ने शुक्रवार सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच गोपालपुर के नजदीक तट को पार किया। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही, जबकि झोंकों के साथ यह 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।

    मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में उत्तरी आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है। श्रीकाकुलम और अनाकापल्ली जिलों के कई मौसम केंद्रों पर हल्की से लेकर भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। इच्छापुरम और मंदसा के कुछ इलाकों में 12 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह चक्रवाती सिस्टम अगले 24 घंटों में उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ेगा और धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल सकता है।

    दिल्ली में 10 डिग्री तक पहुंचा पारा, यूपी में कोहरे का अलर्ट

    एक तरफ पूर्वी भारत में चक्रवात का असर है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक तेज कर दी है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद मैदानी राज्यों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया।

    उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, मऊ, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, नोएडा और गाजियाबाद समेत 15 से अधिक जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। कई स्थानों पर दृश्यता कम होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।

    पश्चिम बंगाल में भी बारिश का अलर्ट

    चक्रवात अकवान का असर पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है। कोलकाता समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। IMD ने शनिवार तक दक्षिण बंगाल के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है।

    विशेष रूप से दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर के तटीय इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में कोलकाता में 19.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि मेदिनीपुर में सबसे अधिक 47 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

    मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह

    समुद्र में खराब मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में मछुआरों को शनिवार तक समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

    फिलहाल मौसम विभाग चक्रवाती सिस्टम पर लगातार नजर बनाए हुए है। विशाखापत्तनम और गोपालपुर में लगे डॉप्लर वेदर रडार के जरिए इसकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। ऐसे में ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत है।

    Loading

    Comments are off for this post.