Last updated: November 22nd, 2026 at 06:43 am

बिहार की राजनीति में इन दिनों एक हरे गमछे को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली दौरे के दौरान गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन करने का एक वीडियो अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, शनिवार 21 नवंबर को पीएम मोदी ने गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु यानी बिदुपुर पुल का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की भी सौगात दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वहां मौजूद लोगों का बिहारी अंदाज में अभिवादन किया। उन्होंने हरे रंग का गमछा लहराया और उसे अपने कंधे पर भी रखा। अब इसी गमछे के रंग को लेकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री का वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री से कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने तंज भरे अंदाज में लिखा कि सम्राट चौधरी की मौजूदगी में प्रधानमंत्री मोदी ने हरा गमछा लहराने और कंधे पर रखने की गुस्ताखी कर दी। अब सम्राट चौधरी को इस पर एक्शन लेना चाहिए और सख्त हिदायत देनी चाहिए कि आगे से ऐसी गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रोहिणी यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने एक दूसरी पोस्ट में भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम पर कटाक्ष किया। उन्होंने दावा किया कि सभा में लाखों की संख्या में अदृश्य आत्माओं की भीड़ जुटी थी। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों की तालियों और डबल इंजन सरकार के जोश को लेकर भी तंज कसा।
दरअसल, इस पूरे मामले की जड़ मई 2026 में आयोजित AI समिट से जुड़ी है। उस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिना किसी का नाम लिए हरे गमछे को लेकर राजद पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि पटना में चार हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और अगर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से हरा गमछा पहनने वालों को खोजने के लिए कहा जाए तो उन्हें आसानी से पहचाना जा सकता है।
सम्राट चौधरी के इसी पुराने बयान को आधार बनाकर रोहिणी आचार्य ने अब प्रधानमंत्री के हरे गमछे वाले वीडियो पर तंज कसा है। फिलहाल, प्रधानमंत्री के एक सामान्य अभिवादन ने बिहार की सियासत में नया राजनीतिक मुद्दा खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी या भाजपा की ओर से रोहिणी आचार्य के इस तंज पर कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।
![]()
Comments are off for this post.