Last updated: November 22nd, 2026 at 06:46 am

बिहार में चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कहीं बारिश तो कहीं धूप के बीच अब ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में पटना समेत प्रदेश के 9 जिलों में बारिश हुई है। मुंगेर, बांका, बेगूसराय और नालंदा में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि पटना, जमुई, खगड़िया, मधेपुरा और कटिहार में हल्की बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई है। मौसम में आए इस बदलाव का असर यातायात पर भी देखने को मिला है। खराब मौसम के कारण बिहार से गुजरने वाली छह ट्रेनें और कुछ फ्लाइट रद्द करनी पड़ी हैं।
*बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से हुई बारिश*
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान और पूर्वी हवाओं के प्रभाव से बिहार में नमी पहुंच रही थी। इसी वजह से 20 से 22 नवंबर के बीच पूर्वी और मध्य बिहार के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहा। हालांकि, अब चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव कमजोर पड़ने के संकेत हैं। ऐसे में रविवार से बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं और अधिकांश इलाकों में मौसम सुधरने की उम्मीद है।
इन जिलों में फिलहाल बारिश का अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पटना, गया, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर और रोहतास में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। वहीं उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में भी मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। इसके अलावा सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में भी फिलहाल बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है।
पटना में 25 से 26 डिग्री तक रहेगा तापमान
बारिश का दौर थमने के बाद भी दिन के तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी होने की उम्मीद नहीं है। पटना में अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। गया, औरंगाबाद और डेहरी समेत दक्षिण बिहार के दूसरे इलाकों में भी तापमान लगभग इसी तरह बना रह सकता है।
दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और देर रात ठंड महसूस होगी। यानी फिलहाल दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा।
23 नवंबर से साफ होगा आसमान, बढ़ सकती है ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, 22 नवंबर के बाद बारिश की गतिविधियों में और कमी आने की संभावना है। 23 नवंबर से पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया समेत बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य हो सकता है।
बारिश रुकने के बाद आसमान साफ होगा और दिन में धूप निकलने की संभावना है। हालांकि, रात के समय बादल कम होने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के वक्त ठंड का असर और बढ़ सकता है।
![]()
Comments are off for this post.