Human Live Media

HomeNewsकिरेन रिजिजू ने की J&K वक्फ बोर्ड की तारीफ, बोले- दूसरे राज्यों को भी यहां से सीखना चाहिए

किरेन रिजिजू ने की J&K वक्फ बोर्ड की तारीफ, बोले- दूसरे राज्यों को भी यहां से सीखना चाहिए

जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने बारामूला स्थित बाबा ऋषि
WhatsApp Image 2026-11-24 at 1.58.14 PM

जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने बारामूला स्थित बाबा ऋषि दरगाह में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के कामकाज की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के दूसरे राज्यों के वक्फ बोर्डों को भी जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के काम से प्रेरणा लेनी चाहिए। केंद्र सरकार की ओर से बोर्ड को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन देने का भरोसा भी उन्होंने दिया।

Table of Contents

    मंगलवार, 24 नवंबर को रिजिजू ने बाबा ऋषि दरगाह परिसर में हजरत बाबा पयामउद्दीन ऋषि (RA) गेस्ट हाउस के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इस मौके पर जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने दरगाह परिसर में हुए विकास कार्यों की प्रशंसा की।

    हजरतबल दरगाह के काम का भी किया जिक्र

    किरेन रिजिजू ने कहा कि बाबा ऋषि दरगाह एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक स्थल है और यहां वक्फ बोर्ड की ओर से किए गए निर्माण कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने श्रीनगर की हजरतबल दरगाह का उदाहरण देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड ने धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय काम किया है।

    केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के सभी वक्फ बोर्डों को बेहतर तरीके से काम करना चाहिए। इसके लिए सेंट्रल वक्फ काउंसिल की बैठक बुलाने की भी योजना है, ताकि अलग-अलग राज्यों के बोर्डों के कामकाज और उनकी कार्यप्रणाली पर चर्चा की जा सके।

    दरख्शां अंद्राबी की टीम को दी बधाई

    रिजिजू ने वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी और उनकी टीम की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने उम्मीद से बेहतर काम किया है। उन्होंने यह भी बताया कि बोर्ड ने अपनी संपत्तियों से राजस्व जुटाने और उस राशि का इस्तेमाल जनहित के कार्यों में करने की योजना बनाई है।

    उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार आगे भी जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के साथ मिलकर काम करेगी और जरूरत के मुताबिक सहायता उपलब्ध कराएगी।

    अस्पताल निर्माण और युवाओं की स्किल ट्रेनिंग पर जोर

    केंद्रीय मंत्री ने जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की योजनाओं पर भी बात की। उन्होंने बताया कि वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन एक बड़े अस्पताल के निर्माण का सपना देख रही हैं। रिजिजू ने बीबी हलीमा नर्सिंग कॉलेज का जिक्र करते हुए उम्मीद जताई कि इसी तरह स्वास्थ्य क्षेत्र में और भी बेहतर परियोजनाएं शुरू की जा सकती हैं, जिससे आम लोगों को इलाज की सुविधाएं मिलें।

    इसके अलावा उन्होंने कश्मीर के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने में सहयोग का आश्वासन दिया। उनके मुताबिक, युवाओं को प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।

    हज कोटा बढ़ाने पर भी हुई चर्चा

    हज यात्रा को लेकर रिजिजू ने बताया कि हाल ही में सऊदी अरब से लौटने के बाद उन्होंने वहां के हज और उमराह मंत्री के साथ बातचीत की है। उन्होंने कहा कि भारत का हज कोटा बढ़ता है तो यह अच्छी बात होगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में वक्फ से जुड़े लोगों को भी हज प्रबंधन से संबंधित अवसर देने पर विचार किया जा सकता है।

    राहुल गांधी पर सवाल से बचते दिखे केंद्रीय मंत्री

    मीडिया बातचीत के दौरान जब किरेन रिजिजू से राहुल गांधी को लेकर राजनीतिक सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि बाबा ऋषि एक पवित्र स्थान है और यहां राजनीति की बात करना उचित नहीं है। राहुल गांधी के बयानों का जवाब वह दिल्ली जाकर देंगे।

    Loading

    Comments are off for this post.