Human Live Media

HomeNewsNisha Bhagat Death Case: मौत से पहले सुप्रीम कोर्ट के वकील को किया था फोन, CBI ने दर्ज किया बयान

Nisha Bhagat Death Case: मौत से पहले सुप्रीम कोर्ट के वकील को किया था फोन, CBI ने दर्ज किया बयान

झारखंड की आदिवासी एक्टिविस्ट निशा भगत की संदिग्ध मौत की जांच में CBI लगातार नए तथ्यों की पड़ताल कर रही
Untitled-design-2026-11-23T145337.740

झारखंड की आदिवासी एक्टिविस्ट निशा भगत की संदिग्ध मौत की जांच में CBI लगातार नए तथ्यों की पड़ताल कर रही है। इसी कड़ी में अब उनकी मौत से कुछ घंटे पहले हुई एक फोन कॉल जांच के केंद्र में आ गई है। निशा ने सुप्रीम कोर्ट के वकील शिशिर राज से संपर्क कर अजय तिर्की के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को लेकर सलाह मांगी थी। इस बातचीत को अहम मानते हुए CBI ने रविवार को वकील से पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया।

Table of Contents

    दिल्ली से पहुंचे डीआईजी के नेतृत्व में CBI की टीम ने वकील से निशा की आखिरी फोन कॉल और उससे जुड़े घटनाक्रम की जानकारी ली। शिशिर राज ने पूछताछ के दौरान बताया कि निशा ने पहली बार फोन कर अजय तिर्की के खिलाफ मामला दर्ज कराने और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगी थी। इस पर उन्होंने पहले पूरे मामले को समझने की बात कही थी, ताकि तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी सलाह दी जा सके।

    वकील के मुताबिक, कुछ समय बाद निशा ने दोबारा फोन किया। उस वक्त वह एयरपोर्ट जा रहे थे। रास्ते में नेटवर्क की परेशानी और आसपास शोर होने के कारण उनकी बातचीत ठीक से नहीं हो पाई। उन्होंने निशा से एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोबारा संपर्क करने को कहा था। शिशिर राज का कहना है कि उन्होंने बाद में खुद भी निशा को फोन करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसी दौरान उन्हें निशा की मौत की सूचना मिली।

    पूछताछ के दौरान शिशिर राज ने निशा के व्यक्तित्व को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि निशा काफी साहसी और बेबाक स्वभाव की महिला थीं। इसलिए उनकी आत्महत्या की खबर सुनकर उन्हें काफी आश्चर्य हुआ। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह क्या थी और इसके पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका रही, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

    दरअसल, 6 नवंबर को निशा भगत की मौत की खबर सामने आई थी। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से कई गंभीर आरोप लगाए थे। उनकी मौत के बाद परिवार ने पूरे मामले में साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। परिवार की मांग के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की जांच CBI से कराने का आदेश दिया था।

    जांच की जिम्मेदारी मिलने के बाद CBI ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ FIR दर्ज की। इसके बाद एजेंसी ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच शुरू की है।

    वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले में स्वत: संज्ञान लिया था। आयोग ने 7 नवंबर को संबंधित अधिकारियों से सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने रांची पहुंचकर मामले की जानकारी भी ली थी।

    अब CBI निशा की मौत से पहले के घटनाक्रम को जोड़कर जांच कर रही है। आखिरी फोन कॉल में हुई बातचीत, फेसबुक लाइव के दौरान लगाए गए आरोप और परिवार की ओर से जताई गई साजिश की आशंका जांच के महत्वपूर्ण पहलू बने हुए हैं। फिलहाल एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि निशा किन परिस्थितियों में थीं और वह अजय तिर्की के खिलाफ किस तरह की कानूनी कार्रवाई करना चाहती थीं।

    Loading

    Comments are off for this post.