Last updated: November 24th, 2026 at 08:27 am
झारखंड के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में अच्छी खबर सामने आई है। राज्य सरकार की कौशल विकास पहल के तहत 3,044 युवक-युवतियों को अलग-अलग संस्थानों में नौकरी मिली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में युवाओं को ये पत्र सौंपे। खास बात यह है कि इनमें करीब 500 युवाओं को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और दुबई में काम करने का अवसर मिला है। सरकार का कहना है कि प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को देश और विदेश में रोजगार से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज के समय में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को बदलती तकनीक और बाजार की मांग के अनुसार अपने हुनर को भी विकसित करना होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग देने की तैयारी कर रही है।
इसके लिए IIT मद्रास और प्रेझा फाउंडेशन के बीच समझौता हुआ है। वहीं, TVS ग्रुप के साथ भी एमओयू किया गया है, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलना बेहद जरूरी है। उन्होंने HEC का उदाहरण देते हुए बताया कि कभी यह संस्थान देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था, लेकिन समय के साथ जरूरी बदलाव नहीं होने के कारण आज इसकी स्थिति कमजोर हो गई है। उन्होंने युवाओं को भी समय के अनुसार अपनी कार्यक्षमता और कौशल बढ़ाने की सलाह दी।
रोजगार की संभावनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने पायलट ट्रेनिंग योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि करीब दस साल पहले पायलट प्रशिक्षण की शुरुआत हुई थी, लेकिन प्रशिक्षण देने वाली कंपनी के फर्जी निकलने से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ। इसके बाद सरकार ने अपने स्तर पर पायलट ट्रेनिंग सेंटर शुरू करने की पहल की। फिलहाल 15 चयनित विद्यार्थियों की कॉमर्शियल पायलट ट्रेनिंग का खर्च राज्य सरकार उठा रही है। इसके साथ ही एयर होस्टेस ट्रेनिंग शुरू करने की भी योजना है।
खनन क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर बात करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के 12 से 14 जिले खनन गतिविधियों से प्रभावित हैं। आने वाले 40 से 50 वर्षों तक यहां खनन का काम जारी रहने की संभावना है। ऐसे में युवाओं को अभी से खनन, स्टील और पावर सेक्टर की जरूरतों के मुताबिक प्रशिक्षित करना होगा, ताकि भविष्य में उन्हें रोजगार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।
इस मौके पर प्रेझा फाउंडेशन के अध्यक्ष टी.वी. नरेंद्रन ने वीडियो संदेश के जरिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने गिरिडीह की पूनम कुमारी का उदाहरण दिया, जो सेमीकंडक्टर चिप उद्योग में काम कर रही हैं। उन्हें एडवांस ट्रेनिंग के लिए मलेशिया भी भेजा गया था। उन्होंने बताया कि हाल के महीनों में एक हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिल चुका है।
वहीं, उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार विदेश में पढ़ाई की छात्रवृत्ति का दायरा भी बढ़ाने जा रही है। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत लाभुकों की संख्या 25 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है। अभी विद्यार्थियों को इंग्लैंड और नॉर्थ आयरलैंड के विश्वविद्यालयों में पढ़ाई का अवसर दिया जा रहा है। अब इस योजना में सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया को भी शामिल करने की तैयारी है।
इसके अलावा कल्याण विभाग के हॉस्टलों में विद्यार्थियों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी अंतिम चरण में है। इसके तहत मुख्यमंत्री पोषण योजना का लाभ दिया जाएगा। दुमका में बनकर तैयार आवासीय नर्सिंग कॉलेज को भी जल्द शुरू करने की तैयारी है।
कल्याण विभाग और प्रेझा फाउंडेशन के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण संस्थानों से कुल 3,044 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इनमें कल्याण गुरुकुल से प्रशिक्षित 2,014 युवक-युवतियां, नर्सिंग कौशल कॉलेज से 746 और ITI कौशल कॉलेज से 284 युवा शामिल हैं।
इन युवाओं को मैक्स हेल्थ केयर दिल्ली, न्यू बॉर्न चाइल्ड हॉस्पिटल रांची, अंबुजा हेल्थ केयर हॉस्पिटल रायपुर, क्लाउड हेल्थ केयर दिल्ली, TVS सप्लाई चेन चेन्नई और वोल्टास दुबई जैसी कंपनियों और संस्थानों में नौकरी मिली है।
वर्तमान में प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से राज्य में 34 प्रशिक्षण संस्थान संचालित किए जा रहे हैं। इनमें 25 कल्याण गुरुकुल, 8 नर्सिंग कॉलेज और एक ITI कॉलेज शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान दुबई और बेंगलुरु में काम कर रहे युवाओं ने ऑनलाइन जुड़कर अपने अनुभव भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने उनसे बातचीत कर उनके कामकाज का फीडबैक लिया और बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस कार्यक्रम में मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री चमरा लिंडा, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
![]()
Comments are off for this post.