Last updated: November 24th, 2026 at 09:17 am

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया है कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया। सौरव दास का कहना है कि वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने के लिए लंदन जा रहे थे, लेकिन एयरपोर्ट पर उन्हें यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई।
इस मामले को लेकर CJP की कानूनी सलाहकार रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि सौरव दास और उन्हें दोनों को ऑक्सफोर्ड यूनियन की ओर से आमंत्रित किया गया था। हालांकि, कुछ दिन पहले ही उनका वीजा अस्वीकार कर दिया गया था। रत्ना सिंह ने कहा कि वीजा खारिज होने के बाद भी अब तक जो कुछ हुआ, वह बेहद हैरान करने वाला है।
रत्ना सिंह ने इस कार्रवाई को युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश बताते हुए कहा कि देश के युवा सच बोलने और सत्ता में बैठे लोगों से सवाल पूछने का साहस रखते हैं। उन्होंने सौरव दास को फ्लाइट में चढ़ने से रोके जाने को अभिव्यक्ति की आजादी से जुड़ा गंभीर मामला बताया। उनके मुताबिक, इस तरह की घटनाएं युवाओं के बीच चिंता पैदा करती हैं।
वहीं, इस पूरे विवाद पर कॉकरोच मूवमेंट से जुड़े अभिजीत दीपके ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस आंदोलन से डर रही है और अब पासपोर्ट तक फ्लैग किए जा रहे हैं। अभिजीत ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से आंदोलन से जुड़े लोग डरने वाले नहीं हैं।
फिलहाल, सौरव दास को लंदन जाने से रोके जाने के मामले ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, इस मामले में सरकार की ओर से आधिकारिक पक्ष सामने आने की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
![]()
Comments are off for this post.