Human Live Media

HomeStateBiharआनंद मोहन पर कोर्ट के फैसले से गरमाई बिहार की सियासत, तेजस्वी ने नीतीश-बीजेपी को घेरा

आनंद मोहन पर कोर्ट के फैसले से गरमाई बिहार की सियासत, तेजस्वी ने नीतीश-बीजेपी को घेरा

पटना: पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी
images – 2026-11-26T191804.532

पटना: पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गद्दारी करने वालों का हिसाब ऊपर वाला कर रहा है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग अपने राजनीतिक फायदे के अनुसार लोगों को जेल से बाहर निकलवाते हैं और जरूरत खत्म होने पर उन्हें फिर जेल भिजवा देते हैं।

Table of Contents

    तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार और बीजेपी की राजनीति का तरीका ही यही है। जब किसी व्यक्ति से राजनीतिक लाभ मिलता है तो उसे जेल से बाहर निकालने की कोशिश होती है, लेकिन जब उससे फायदा मिलना बंद हो जाता है तो उसे जेल भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी सुविधा के हिसाब से लोगों का इस्तेमाल कर रही है।

    अनंत सिंह के मामले को लेकर भी उठाए सवाल

    तेजस्वी यादव ने अपने बयान में मोकामा विधायक अनंत सिंह का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस ने पहले अनंत सिंह के घर से एके-47 और अन्य हथियार बरामद होने की बात कही थी, लेकिन बाद में पुलिस की ओर से हथियार नहीं मिलने की बात कही गई। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनाव में साथ नहीं देने के बाद उनके खिलाफ फिर से मुकदमा दर्ज किया गया।

    आरजेडी नेता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुराने बयान ‘न किसी को बचाते हैं और न किसी को फंसाते हैं’ पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में लोगों को बचाने और फंसाने का फैसला राजनीतिक फायदे को देखकर किया जा रहा है।

    विश्वास मत में साथ छोड़ने वालों पर कसा तंज

    तेजस्वी ने बिहार विधानसभा में हुए विश्वास मत के दौरान साथ छोड़ने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने अनंत सिंह और आनंद मोहन का नाम लेते हुए कहा कि जिन लोगों ने उस समय गद्दारी की थी, उन्हें समझना चाहिए कि ऊपर भगवान और नीचे जनता सब देख रही है। उन्होंने कहा कि कम से कम लोगों को ऊपर वाले से डरना चाहिए। तेजस्वी के मुताबिक, उन्होंने पहले जो बातें कही थीं, वे अब सही साबित हो रही हैं।

    सम्राट सरकार को बेरोजगारी और अपराध के मुद्दे पर घेरा

    तेजस्वी यादव अपनी पत्नी के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पटना से विशेष विमान के जरिए मुंबई रवाना हुए। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार की सम्राट सरकार को भी निशाने पर लिया।

    तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ी है, जबकि विकास के नाम पर कोई ठोस काम दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने राज्य में हत्या, डकैती और लूट की घटनाओं का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने ज्वेलरी शॉप में 50 करोड़ रुपये की लूट का भी उल्लेख किया।

    इसके अलावा तेजस्वी ने बिहार के ब्लॉक और थानों में भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाया। आनंद मोहन की रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से शुरू हुई यह राजनीतिक बयानबाजी अब नीतीश कुमार, बीजेपी और सम्राट सरकार तक पहुंच गई है।

    Loading

    Comments are off for this post.