Last updated: November 27th, 2026 at 01:41 pm

जम्मू-कश्मीर में कानूनी व्यवस्था से जुड़े अहम पद पर नई नियुक्ति की गई है। वरिष्ठ अधिवक्ता सैयद फैसल कादरी को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का नया एडवोकेट जनरल बनाया गया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उनकी नियुक्ति को लेकर औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही नए एडवोकेट जनरल के वेतन, सुविधाओं और कानूनी मामलों में मिलने वाली फीस का ढांचा भी तय कर दिया गया है।
विधि, न्याय एवं संसदीय कार्य विभाग की ओर से 27 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना संख्या S.O. 329 के मुताबिक, यह नियुक्ति जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 की धारा 79(1) के तहत की गई है। इस आदेश के जरिए 1 नवंबर 2019 को जारी पिछली अधिसूचना को भी प्रतिस्थापित कर दिया गया है।
सरकारी आदेश के अनुसार, सैयद फैसल कादरी को एडवोकेट जनरल के पद पर हर महीने एक लाख रुपये वेतन मिलेगा। इसके अलावा उन्हें जम्मू या श्रीनगर में पूरी तरह सुसज्जित सरकारी आवास उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए कोई किराया नहीं देना होगा। यदि वे सरकारी आवास की जगह अपने निजी घर में रहते हैं, तो उन्हें हर महीने 12 हजार रुपये का मुआवजा भत्ता मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें बिना शुल्क सरकारी वाहन, 3 हजार रुपये मासिक खर्च भत्ता और हाई कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश के समान चिकित्सा एवं यात्रा सुविधाएं भी मिलेंगी।
नई अधिसूचना में अलग-अलग अदालतों और न्यायाधिकरणों में जम्मू-कश्मीर सरकार का पक्ष रखने के लिए एडवोकेट जनरल की फीस भी निर्धारित की गई है। हाई कोर्ट में प्रत्येक रिट याचिका, अपील, मुकदमे और दीवानी अपील के लिए 5 हजार रुपये फीस तय की गई है।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाई कोर्ट और जम्मू-कश्मीर से बाहर की अन्य अदालतों में प्रभावी सुनवाई के लिए 50 हजार रुपये और गैर-प्रभावी सुनवाई के लिए 5 हजार रुपये मिलेंगे। सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट के मामलों में प्रत्येक कानूनी परामर्श बैठक के लिए भी 50 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।
मध्यस्थता यानी आर्बिट्रेशन से जुड़े मामलों के लिए भी अलग-अलग फीस तय की गई है। जम्मू-कश्मीर के भीतर प्रभावी सुनवाई के लिए 10 हजार और गैर-प्रभावी सुनवाई के लिए 3 हजार रुपये दिए जाएंगे। जबकि केंद्र शासित प्रदेश से बाहर ऐसे मामलों में यह राशि क्रमशः 25 हजार और 5 हजार रुपये होगी।
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सरकारी अधिकारियों के साथ बैठकों, कानूनी राय देने और हाई कोर्ट में आपराधिक एवं अवमानना से जुड़े मामलों में पेश होने के लिए अलग से वकील फीस नहीं मिलेगी।
इसके अलावा, हाई कोर्ट के प्रत्येक मामले के लिए 4 हजार रुपये और सुप्रीम कोर्ट के प्रत्येक मामले के लिए 5 हजार रुपये आकस्मिक खर्च के तौर पर दिए जाएंगे। यात्रा और प्रतीक्षा भत्ते का लाभ भी मिलेगा।
आदेश के मुताबिक, एडवोकेट जनरल का मुख्यालय हाई कोर्ट के मुख्यालय के समान रहेगा। जरूरत पड़ने पर गृह विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह अधिसूचना उपराज्यपाल के आदेश पर विधि, न्याय एवं संसदीय कार्य विभाग के आयुक्त-सचिव अचल सेठी ने जारी की है।
![]()
Comments are off for this post.