Last updated: November 27th, 2026 at 02:21 pm

परिसीमन विधेयक को लेकर संसद में जारी सियासी खींचतान के बीच शरद पवार की पार्टी ने केंद्र सरकार को राहत देने वाला संकेत दिया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने स्पष्ट किया है कि वह संसद में परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी। शरद पवार से मुलाकात के बाद पार्टी के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन जरूरी है और इस विषय पर शरद पवार ने अनौपचारिक बातचीत में अपनी राय रखी थी। लोकसभा में पार्टी के आठ सांसद हैं। ऐसे में उनका समर्थन सरकार के लिए अहम साबित हो सकता है।
दरअसल, परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को संसद से पारित कराने के लिए केंद्र सरकार को दोनों सदनों में संविधान संशोधन के तहत दो-तिहाई बहुमत हासिल करना होगा। लोकसभा में इसके लिए 360 वोटों की जरूरत बताई जा रही है, जबकि एनडीए के पास फिलहाल 320 वोट हैं। यानी सरकार बहुमत के निर्धारित आंकड़े से 40 वोट पीछे है। दूसरी तरफ INDIA गठबंधन के पास 183 और अन्य दलों के पास 35 वोट हैं। ऐसे में सरकार की नजर उन राजनीतिक दलों पर टिकी है, जिनके समर्थन से बहुमत का आंकड़ा हासिल किया जा सकता है।
राज्यसभा में भी सरकार के सामने कुछ ऐसी ही स्थिति है। यहां संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए 163 वोटों की आवश्यकता होगी, जबकि एनडीए के पास 152 सांसदों का समर्थन है। यानी सरकार को यहां भी 11 अतिरिक्त वोटों की जरूरत पड़ेगी। INDIA गठबंधन के पास 64 और अन्य दलों के पास 28 वोट हैं। ऐसे में दोनों सदनों में दूसरे दलों का रुख विधेयक का भविष्य तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इसी बीच 27 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सरकार की चुनौती इसे संसद में आवश्यक समर्थन के साथ पारित कराने की होगी।
हालांकि, लोकसभा में बहुमत का आंकड़ा सदन की वास्तविक स्थिति के अनुसार बदल भी सकता है। लोकसभा की कुल 543 सीटों में से तीन सीटें फिलहाल खाली हैं। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष का वोट सामान्य परिस्थितियों में नहीं पड़ता, बल्कि मत बराबर होने की स्थिति में ही निर्णायक वोट दिया जाता है। इसके अलावा अमृतपाल सिंह और इंजीनियर राशिद जेल में हैं। उनकी मतदान में भागीदारी भी गणित को प्रभावित कर सकती है।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया गया था। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी संख्या 536 मानी जाए तो विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत के तहत 358 वोटों की जरूरत होगी।
कुल मिलाकर, परिसीमन विधेयक पर सरकार की राह आसान नहीं है। शरद पवार की पार्टी के समर्थन के संकेत से एनडीए को जरूर राजनीतिक मजबूती मिल सकती है, लेकिन अंतिम फैसला संसद में होने वाली वोटिंग और दूसरे दलों के रुख पर निर्भर करेगा।
![]()
Comments are off for this post.