Last updated: September 10th, 2025 at 04:14 am

सासाराम: आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में आज मंगलवार को (09 सितंबर 2025) जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास ने सासाराम स्थित बाजार समिति, तकिया का निरीक्षण किया। यहां जिले के सभी सातों विधानसभाओं की पोल्ड ईवीएम के भंडारण के लिए बज्रगृह (स्ट्रॉन्ग रूम) और मतगणना केन्द्र का निर्माण किया जाना है।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने वेयरहाउस में बनने वाले बज्रगृह एवं मतगणना केन्द्र की संरचना, आकार, सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेटिंग की बारीकियों का जायजा लिया। कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल सासाराम को मतगणना केन्द्रों के आकार और आवश्यक संरचनाओं का निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम को सात दिनों के भीतर वेयरहाउस को खाली कराने का आदेश दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने पर जोर देते हुए बाजार समिति परिसर की चहारदीवारी की मरम्मत, लिंक सड़क निर्माण तथा परिसर में चल रहे निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्रियों को व्यवस्थित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
इसके साथ ही सभी निर्वाची पदाधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए रिसीविंग सेंटर, पोस्टल बैलेट काउंटिंग और बज्रगृह निर्माण की तैयारी का अवलोकन करने और तदनुरूप कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
![]()
No Comments