Last updated: September 21st, 2025 at 03:32 am

कोचस (रोहतास)। स्थानीय पीएम श्री कोचस प्लस टू उच्च विद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बिईओ) अरविंद कुमार ने किया, जबकि संचालन समन्वयक संतोष कुमार सिंह ने किया
इस अवसर पर सभी सीआरसी के तहत विज्ञान मध्य विद्यालय शोभिपुर के शिक्षक विनय पांडेय और सावनडिहरी के शिक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी में आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। छात्रों ने विकसित भारत के लिए विज्ञान और नवाचार की संभावनाएं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग : संभावनाएं एवं चुनौतियां तथा क्वांटम युग का आगाज़ : संभावनाएं एवं चुनौतियां जैसे विषयों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका दीपक बिंद, श्वेता कश्यप, अनीता केसरी, आशुतोष कुमार, अनुराधा कुमारी, अभिषेक मिश्रा, नेहा कुमारी एवं संदीप पटेल ने निभाई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को बिईओ अरविंद कुमार ने मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय की विज्ञान शिक्षिका सुरभि कुमारी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
बिईओ अरविंद कुमार ने कहा कि “आज के युग में विज्ञान और नवाचार ही विकसित भारत की नींव हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास होता है और वे देश के भविष्य निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित होते हैं। हमारे छात्र-छात्राओं ने जिस तरह से मॉडल व विचार प्रस्तुत किए, वह सराहनीय है।”
कार्यक्रम में राकेश सिंह, खेल शिक्षक चंदन सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरा विद्यालय प्रांगण वैज्ञानिक उत्सव में तब्दील हो गया।
![]()
No Comments