Last updated: September 29th, 2025 at 03:24 am

रोहतास। सेवा पर्व के अवसर पर आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल की भावना को नई दिशा देने के लिए जिला प्रशासन व जिला उद्योग केंद्र, रोहतास की ओर से विशेष आयोजन किया गया। जिले के तीन प्रमुख स्थलों—ताराचंडी, समाहरणालय परिसर और आदित्य विजन के पास—स्थानीय उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां खादी ग्रामोद्योग एवं उद्यमियों ने अपने विविध उत्पादों का प्रदर्शन किया।
खादी वस्त्र, पारंपरिक परिधान, हस्तशिल्प, घरेलू उपयोगी सामान, खाद्य पदार्थों से लेकर कई नवाचारी उत्पाद यहां देखने और खरीदने को मिले। खास बात यह रही कि सभी स्टॉलों को आत्मनिर्भर भारत की थीम पर सजाया गया था, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी जीवंत हो उठा।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए प्रशासन की ओर से खादी उत्पादों पर 50 प्रतिशत विशेष छूट दी गई। इस कदम ने जहां खरीददारों को उत्साहित किया, वहीं छोटे कारीगरों और उद्यमियों को आर्थिक मजबूती भी मिली।
सेवा पर्व पर आयोजित यह प्रदर्शनी केवल खरीद-बिक्री का मंच नहीं रही, बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि स्थानीय उद्योगों और हुनर को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार किया जा सकता है। यह पहल न सिर्फ़ स्थानीय रोजगार को मज़बूती देती है, बल्कि परंपरागत कला को नया जीवन और समाज में आर्थिक आत्मनिर्भरता की भावना को भी मजबूती प्रदान करती है।
रोहतास का यह प्रयास जिले ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए प्रेरणादायी मिसाल है, जहां उत्सव केवल आनंद का नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई सुबह का संदेश लेकर आता है।
![]()
No Comments