Last updated: October 4th, 2025 at 03:41 pm

रोहतास। जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत कैमूर पहाड़ी पर गुरुवार देर शाम आकाशीय बिजली कहर बनकर टूटी। बजरमारवा, बैजलपुर व आसपास के गांवों में तेज बारिश के दौरान अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आकर करीब 30 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और पशुपालक गहरे सदमे में हैं।
जानकारी के अनुसार, बैजलपुर अधौरा गांव निवासी रामधनी यादव की 15 भैंसें, वहीं बनूआ गांव निवासी चेला यादव की एक भैंस समेत अन्य पशुपालकों के करीब 30 मवेशी बिजली गिरने से काल का ग्रास बन गए। सभी भैंसें कैमूर पहाड़ी पर घास चर रही थीं। इसी दौरान तेज गर्जना व चमक के साथ आसमान से बिजली गिरी। पशुपालक जान बचाने के लिए झोपड़ियों में छिप गए, लेकिन उनके पशु मौत के मुंह में समा गए।
पशुपालकों का कहना है कि इस हादसे से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जिनके परिवार की रोजी-रोटी मवेशियों पर टिकी थी, वे अब पूरी तरह टूट चुके हैं।
इस घटना की पुष्टि करते हुए नौहट्टा प्रखंड की सीओ हिंदुजा भारती ने बताया कि कैमूर पहाड़ी व आसपास के गांवों में करीब 30 मवेशियों की मौत की सूचना मिली है। पशुपालकों से आवेदन प्राप्त होते ही नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने सरकार से तत्काल राहत व मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि पशुधन के नुकसान से किसान परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच सकते हैं।
ग्रामीणों की मांग है कि सरकार शीघ्र राहत प्रदान करे और वज्रपात से प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा मिले।
![]()
No Comments