Last updated: October 11th, 2025 at 02:27 am

सासाराम। बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 को लेकर निर्वाचन की तैयारियां अब पूरी गति पकड़ चुकी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रशिक्षण कैलेण्डर के अनुसार मतदान कर्मियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण डीएवी स्कूल, अदमापुर, सासाराम में संपन्न हुआ। इस दौरान तृतीय मतदान कर्मियों को दो पालियों में मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने मतदान प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। कर्मियों को ईवीएम और वीवीपैट मशीन के संचालन का हैंड्स ऑन अभ्यास कराया गया, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की तकनीकी दिक्कत न हो। साथ ही उन्हें मतदान से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों, प्रपत्रों को भरने की विधि और मतदान केंद्र पर अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
पहली पाली में कुल 1972 मतदान कर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, जबकि दूसरी पाली में 1513 कर्मी उपस्थित हुए। प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी बारीकियों को गंभीरता से सीखा।
प्रशिक्षण उपरांत संबंधित कोषांगों द्वारा उपस्थिति विवरणी एवं प्रतिवेदन तैयार कर कार्मिक प्रबंधन कोषांग को भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी मतदान कर्मी चुनाव दिवस पर अपनी जिम्मेदारी पूरी दक्षता और निष्ठा के साथ निभा सकें।
डीएवी स्कूल परिसर में पूरे दिन प्रशिक्षण का माहौल अनुशासित और सक्रिय बना रहा। निर्वाचन विभाग के पदाधिकारियों ने कहा कि सभी मतदान कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
![]()
No Comments