Last updated: November 5th, 2025 at 03:09 am

कोचस। करगहर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमार मिश्रा के समर्थन में सोमवार को राज्यसभा सांसद और मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने एक जनसभा को संबोधित किया। सभा में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि महागठबंधन ही जनता को सुरक्षा, सम्मान और स्थिरता प्रदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में सिरफुटौवल की स्थिति बनी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को किनारे लगाने में लगे हैं। हाल ही में पटना की रैली में भी उन्हें अपने वाहन पर स्थान नहीं दिया गया, जो यह दिखाता है कि एनडीए में आपसी मतभेद गहराते जा रहे हैं।
इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड और चिराग पासवान की पार्टी के बीच तालमेल नहीं बन पा रहा है। दोनों एक-दूसरे को निपटाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनता के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह असफल रही है। किसानों, युवाओं और मजदूरों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि ऐसी ताकतें देश की एकता और भाईचारे के लिए खतरा हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी रही है। कांग्रेस ने देश को जोड़ने का काम किया है, जबकि विपक्षी दल समाज को तोड़ने का काम कर रहे हैं। इमरान प्रतापगढ़ी ने लोगों से अपील की कि वे 11 नवंबर को होने वाले मतदान में आठ नंबर वाले बटन पर दबाकर कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमार मिश्रा को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि संतोष मिश्रा की जीत से मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के हाथ मजबूत होंगे और क्षेत्र का विकास गति पकड़ेगा।
सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। मंच पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी उपस्थित थे, जिन्होंने जनता से महागठबंधन के पक्ष में मतदान की अपील की।
![]()
No Comments