Last updated: September 21st, 2026 at 02:47 pm

बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के एनडीए सरकार के डबल इंजन में आग लगने वाले बयान पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने पलटवार किया है। उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि तेजस्वी यादव के कलेजा पर सांप क्यों लोट रहा है?
‘जनाधार खिसकने से बौखलाहट में बयान’
तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी बौखलाहट में की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाकीपुर में एनडीए को भी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन तेजस्वी के गठबंधन के उम्मीदवार की जमानत तक जब्त हो गई।
कुशवाहा के मुताबिक, जनाधार खिसकने के कारण इस तरह के बयान सामने आ रहे हैं। उन्होंने तेजस्वी के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके कलेजा पर सांप लोट रहा है।
भोला पासवान शास्त्री जयंती समारोह में पहुंचे थे कुशवाहा
उपेंद्र कुशवाहा सासाराम के एक निजी पैलेस में आयोजित पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री की जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय भाजपा नेता चंद्रशेखर पासवान ने किया था। इस दौरान जदयू विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी भी मौजूद रहे।
बिहार के वित्तीय संकट पर क्या बोले?
बिहार में वित्तीय संकट को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर सवाल पूछे जाने पर कुशवाहा ने कहा कि फिलहाल उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वित्तीय मामलों में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं।
कुशवाहा ने दावा किया कि बिहार की समस्याओं पर लगातार काम किया जा रहा है। उनके मुताबिक, सरकार बाढ़ और सूखे जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे में वित्तीय संकट को लेकर लगाए जा रहे आरोप साबित नहीं होते।
![]()
Comments are off for this post.