Last updated: December 16th, 2025 at 06:01 am

कोचस।
प्रखंड क्षेत्र के संकुल संसाधन केंद्र उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बलथरी एवं उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय अगरसीडीहारा में संकुल स्तरीय टीएलएम मेला का आयोजन किया गया। मेले में संकुल अंतर्गत सभी विद्यालयों के शिक्षकों ने वर्ग एक से पांच तक के लिए पर्यावरण, भाषा, गणित एवं अंग्रेजी विषयों पर कबाड़ से जुगाड़ आधारित शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) का प्रदर्शन किया।
उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बलथरी में कार्यक्रम का शुभारंभ संरक्षक संतोष कुमार राय एवं संकुल समन्वयक राधेश्याम पाल की देखरेख में हुआ। टीएलएम मेला के मूल्यांकन के लिए तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जगनारायण सिंह, दिनेश प्रसाद सिंह तथा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बलथरी के शिक्षक शनी कुमार शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन एम. के. पांडेय ने किया।
निर्णायक मंडल द्वारा सर्वसम्मति से पर्यावरण विषय में मध्य विद्यालय की शिक्षिका रुखसाना खातून, भाषा विषय में मध्य विद्यालय सतसा की अंजू कुमारी, अंग्रेजी विषय में इसी विद्यालय के अमित कुमार तथा गणित विषय में प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर के मोहम्मद सलीमुद्दीन को प्रथम स्थान के लिए चयनित किया गया। सभी चयनित शिक्षक प्रखंड स्तरीय टीएलएम मेला में भाग लेंगे।
वहीं उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय अगरसीडीहारा में टीएलएम मेला का उद्घाटन प्लस टू विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीप्रकाश मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का संचालन संकुल समन्वयक संतोष कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर धीरेंद्र कुमार, संजय सिंह, प्रदीप नारायण, अमन कुमारी, संतोषी कुमारी, रवींद्रनाथ टैगोर, हैदर अली सहित अन्य शिक्षकों ने भाग लिया।
टीएलएम मेले में प्रस्तुत नवाचारी शिक्षण सामग्री की शिक्षाविदों एवं शिक्षकों ने सराहना की और इसे बच्चों के लिए शिक्षण को रोचक, सरल एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
![]()
No Comments