Human Live Media

HomeBlogउत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा, 8 ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार, बदले हुए एडमिट कार्ड से दे रहे थे परीक्षा

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा, 8 ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार, बदले हुए एडमिट कार्ड से दे रहे थे परीक्षा

हरिद्वार। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल हिंदी परीक्षा के दौरान हरिद्वार के राजकीय इंटर कॉलेज, सलेमपुर महदूद परीक्षा केंद्र पर बड़ा
WhatsApp Image 2026-02-24 at 6.46.40 PM

हरिद्वार। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल हिंदी परीक्षा के दौरान हरिद्वार के राजकीय इंटर कॉलेज, सलेमपुर महदूद परीक्षा केंद्र पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। जांच के दौरान आठ युवक-युवतियां दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देते पकड़े गए।

Table of Contents

    एडमिट कार्ड में फोटो बदलकर बैठ गए परीक्षा में

    मंगलवार सुबह 10:30 बजे हिंदी विषय की परीक्षा शुरू हुई थी। परीक्षा के दौरान केंद्र निरीक्षक को कुछ अभ्यर्थियों पर संदेह हुआ। जब उनके प्रवेश पत्रों की गहन जांच की गई तो खुलासा हुआ कि एडमिट कार्ड में वास्तविक छात्र की जगह किसी अन्य व्यक्ति की फोटो लगाई गई थी।

    पूछताछ में पकड़े गए अभ्यर्थियों ने बताया कि वे सावित्री देवी मेमोरियल स्कूल के छात्र हैं। संदेह गहराने पर कक्ष निरीक्षक ने एक-एक कर सभी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों की जांच की, जिसमें कुल आठ फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। इनमें चार छात्र और चार छात्राएं शामिल हैं।

    उत्तर पुस्तिकाएं जब्त, गोपनीय विभाग को भेजी गईं

    घटना सामने आते ही परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया। संबंधित सभी अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं तत्काल जब्त कर सील कर दी गईं और उन्हें विभाग के गोपनीय अनुभाग में भेज दिया गया।

    विभागीय और पुलिस कार्रवाई शुरू

    मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने पुष्टि की कि राजकीय इंटर कॉलेज, सलेमपुर केंद्र पर आठ लोग वास्तविक परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा देते पकड़े गए हैं। शिक्षा विभाग की ओर से उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

    वहीं, एडमिट कार्ड में फोटो बदलकर परीक्षा देने के मामले में पुलिस भी जांच में जुट गई है और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस घटना ने परीक्षा व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षा विभाग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी और सख्ती बढ़ाने के संकेत दिए हैं।

    Loading

    Comments are off for this post.