Last updated: February 26th, 2026 at 04:55 pm

पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्र सरकार ने सुरक्षा तैयारियाँ तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) सहित विभिन्न अर्धसैनिक बलों के महानिदेशकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार, चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए कुल 480 अर्धसैनिक कंपनियों की तैनाती की जाएगी। इनमें 37 कंपनियां CISF की होंगी। इसके अलावा सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 160, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 47, सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 46 और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 230 कंपनियां तैनात की जाएंगी।
अर्धसैनिक बलों के जवानों और अधिकारियों को दो चरणों में 1 मार्च और 10 मार्च 2026 को उनकी संबंधित इकाइयों से पश्चिम बंगाल भेजा जाएगा। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक वे राज्य में तैनात रहेंगे।
चुनाव के दौरान सभी अर्धसैनिक बलों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी CRPF के महानिरीक्षक (वेस्ट बंगाल सेक्टर) संजय यादव को सौंपी गई है। वे राज्य पुलिस के साथ तालमेल बनाकर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत में कराए जाने की संभावना है। चुनाव से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए झारखंड, बिहार, ओडिशा सहित अन्य राज्यों की अर्धसैनिक कंपनियों को भी तैनाती के लिए तैयार किया गया है।
![]()
Comments are off for this post.