Human Live Media

HomeNewsबंगाल चुनाव: भाजपा की दूसरी सूची जारी, 111 उम्मीदवारों के नाम घोषित, सोनारपुर दक्षिण से रूपा गांगुली को टिकट

बंगाल चुनाव: भाजपा की दूसरी सूची जारी, 111 उम्मीदवारों के नाम घोषित, सोनारपुर दक्षिण से रूपा गांगुली को टिकट

कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी
announcement_of_bjp_candidates_for_uttarakhand_assembly_by_election_on_2_seats_1718298417

कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने 111 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। इसके साथ ही भाजपा अब तक कुल 255 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। दूसरी सूची में कई प्रमुख नेताओं को जगह दी गई है, जिनमें पूर्व सांसद और अन्य दलों से भाजपा में शामिल हुए नेता भी शामिल हैं।

Table of Contents

    पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के छोटे भाई और पूर्व तृणमूल कांग्रेस सांसद दिव्येंदु अधिकारी को पूर्व मेदिनीपुर जिले की एगरा सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सात बार के पूर्व विधायक तापस राय को कोलकाता की मानिकतल्ला सीट से टिकट दिया गया है। इससे पहले वह 2024 लोकसभा चुनाव में भी भाजपा के उम्मीदवार रह चुके हैं।

    बैरकपुर, सोनारपुर और अन्य सीटों पर प्रमुख चेहरे

    भाजपा ने पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को नोआपाड़ा सीट से मैदान में उतारा है। वहीं, चर्चित टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में द्रौपदी का किरदार निभा चुकीं और पूर्व राज्यसभा सदस्य रूपा गांगुली को दक्षिण 24 परगना की सोनारपुर दक्षिण सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

    पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशिथ प्रमाणिक को माथाभंगा सीट से टिकट मिला है। इसके अलावा, संदेशखाली आंदोलन से चर्चित रेखा पात्रा को हिंगलगंज सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

    महिला उम्मीदवारों पर भी फोकस

    भाजपा की इस सूची में 19 महिला उम्मीदवारों को जगह दी गई है। वकील प्रियंका टिबरेवाल को कोलकाता की एंटाली सीट से टिकट दिया गया है। वहीं, पूर्व आईपीएस अधिकारी डॉ. राजेश कुमार को जगदल सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

    कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ वकील कौस्तव बागची को बैरकपुर सीट से मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा, बांकुड़ा जिले की विष्णुपुर (आरक्षित) सीट पर पार्टी ने पहले घोषित उम्मीदवार को बदलते हुए विश्वजीत खान को नया उम्मीदवार बनाया है।

    चुनाव कार्यक्रम और बाकी सीटें

    गौरतलब है कि भाजपा इससे पहले 144 सीटों के लिए अपनी पहली सूची जारी कर चुकी है। अब तक पार्टी कुल 255 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा। इस बीच, आरजी कर पीड़िता की मां ने महिलाओं की सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर पानीहाटी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। हालांकि भाजपा ने अभी तक इस सीट पर अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

    Loading

    Comments are off for this post.