Last updated: May 8th, 2026 at 12:41 pm

पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भाजपा ने आखिरकार मुख्यमंत्री पद के चेहरे का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुनते हुए राज्य की कमान सौंपने का फैसला किया है।
कोलकाता में शुक्रवार को आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया। बैठक में नवनिर्वाचित विधायकों ने सर्वसम्मति से सुवेंदु अधिकारी के नाम का समर्थन किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, किसी अन्य नेता के नाम का प्रस्ताव सामने नहीं आया।
बैठक के बाद अमित शाह ने कहा कि विधायक दल के नेता के चयन की प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि सभी प्रस्तावों में केवल सुवेंदु अधिकारी का नाम ही सामने आया और सभी विधायकों ने एकमत होकर उनका समर्थन किया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस फैसले के पीछे सुवेंदु अधिकारी की चुनावी भूमिका सबसे अहम रही। उन्होंने इस चुनाव में भाजपा के लिए आक्रामक प्रचार किया और ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर कड़ी चुनौती देते हुए बड़ी जीत दर्ज की।
अब शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह सहित एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल हो सकते हैं।
चुनावी नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में लगातार हलचल बनी हुई थी। भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हुई और अब सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में नई सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, सुवेंदु अधिकारी जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसके बाद वे पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
![]()
Comments are off for this post.