Human Live Media

HomeNewsबिहार में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: किशनगंज एनकाउंटर में इनामी बदमाश चिंटू गिरफ्तार

बिहार में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: किशनगंज एनकाउंटर में इनामी बदमाश चिंटू गिरफ्तार

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में किशनगंज जिले में गुरुवार देर
1778880-samrat-choudhary

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में किशनगंज जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में मोस्ट वांटेड अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू को घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान दो पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Table of Contents

    यह मुठभेड़ नगर थाना क्षेत्र के फरिंगगोला रेलवे गुमटी इलाके में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ कुख्यात अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में वहां इकट्ठा हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

    एसपी संतोष कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। इसी दौरान इनामी अपराधी चिंटू गोली लगने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया। हालांकि उसके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

    पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अपराधी कटिहार जिले के रोतारा इलाके का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। लंबे समय से बिहार के कई जिलों की पुलिस को उसकी तलाश थी और उस पर इनाम भी घोषित किया गया था।

    मुठभेड़ में इंस्पेक्टर मुस्ताक और सब-इंस्पेक्टर नीतीश कुमार भी घायल हुए हैं। दोनों को तुरंत किशनगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद डीएम विशाल राज और एसपी संतोष कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की।

    फिलहाल फरार अपराधियों की तलाश में इलाके में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है और एफएसएल टीम भी घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच में जुटी हुई है।

    गौरतलब है कि बिहार में पिछले कुछ दिनों में लगातार पुलिस एनकाउंटर की घटनाएं सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि बीते चार दिनों में यह पांचवां एनकाउंटर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    Loading

    Comments are off for this post.