Last updated: May 22nd, 2026 at 05:18 am

बिहार में जमीन कब्जाने और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजद विधायक ओसामा शहाब के करीबी माने जाने वाले पूर्व मुखिया साबिर मियां को गिरफ्तार कर लिया है। बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे पटना से हिरासत में लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को अब सिवान लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामला जमीन पर अवैध कब्जा, मारपीट और रंगदारी मांगने के आरोपों से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह केस एक चिकित्सक परिवार की शिकायत के बाद दर्ज किया गया था। आरोप है कि जमीन पर दबाव बनाकर कब्जा करने की कोशिश की गई और विरोध करने पर धमकी देने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े गए।
सिवान पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान कई लोगों के नाम सामने आए थे। इसी क्रम में पूर्व मुखिया साबिर मियां को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस के अनुसार, केस में राजद विधायक ओसामा शहाब का नाम भी जांच के दौरान चर्चा में आया है।
सूत्रों के मुताबिक, साबिर मियां अपनी बीमार रिश्तेदार को देखने पटना के एक अस्पताल गया था। इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जमीन कब्जाने और कथित रंगदारी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले को लेकर सिवान और आसपास के राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
![]()
Comments are off for this post.