Last updated: September 29th, 2026 at 12:20 pm

बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। बीजेपी ने अपने हिस्से की चार सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान किया है।
BJP के चार उम्मीदवार कौन-कौन?
बीजेपी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
निर्वाचन क्षेत्र – BJP उम्मीदवार
पटना शिक्षक – नवल किशोर यादव
कोसी स्नातक – डॉ. एनके यादव
दरभंगा स्नातक – सर्वेश कुमार
तिरहुत शिक्षक – नरेंद्र प्रसाद सिंह
एनडीए में बीजेपी और JDU के बीच चार-चार सीटों पर चुनाव लड़ने की व्यवस्था है। JDU अपने हिस्से की चार सीटों के लिए पहले ही प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है।
8 सीटों पर होने हैं चुनाव
बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल आठ सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर में समाप्त हो रहा है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी हो चुकी है और इसी के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।
इन आठ सीटों पर खत्म हो रहा कार्यकाल
जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंशीधर बृजवासी, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक से आफाक अहमद शामिल हैं।
अब BJP की चार सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बाद बिहार MLC चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट हो गई है। इन सीटों पर अलग-अलग राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
![]()
Comments are off for this post.