Last updated: October 31st, 2026 at 06:12 pm

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश के बयानों में हताशा और बौखलाहट साफ झलक रही है। बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि सपा प्रमुख ने चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर ली है और 2027 में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एनडीए की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी।
‘संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ फैला रहे झूठ’
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, अखिलेश यादव जनता का भरोसा खोते जा रहे हैं। इसी हताशा में वे संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव आयोग के खिलाफ झूठ फैला रहे हैं।
उन्होंने अखिलेश के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें कथित तौर पर कहा गया था कि चुनाव आयोग केवल बीजेपी कार्यकर्ताओं को ही भारत का नागरिक मानता है। इस पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रवक्ता ने पूछा कि क्या समाजवादी पार्टी को वोट देने वाले लोग भी बीजेपी के कार्यकर्ता हैं?
‘अमित शाह के दौरे से सपा की बेचैनी बढ़ी’
बीजेपी प्रवक्ता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर भी सपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि शाह के दौरे से समाजवादी पार्टी की बेचैनी बढ़ गई है, जबकि बीजेपी कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया है।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता इस बार भी सपा को सबक सिखाएगी। उन्होंने अखिलेश यादव को मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखना बंद करने की नसीहत भी दी।
‘बीमारू से उत्तम प्रदेश बना उत्तर प्रदेश’
बीजेपी प्रवक्ता ने प्रदेश में पिछले 10 वर्षों के दौरान हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की स्थिति में जमीन-आसमान का अंतर आया है। उनके मुताबिक, प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से निकलकर उत्तम प्रदेश के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता से किए गए वादों को पूरा करती है और इसी वजह से देश और प्रदेश की जनता बार-बार पार्टी को मौका दे रही है। दिनेश प्रताप सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ दल केवल झूठ फैलाते हैं और अपने परिवार की चिंता करते हैं। ऐसे लोगों के लिए जनता ने हर दरवाजे बंद कर दिए हैं।
![]()
Comments are off for this post.