Last updated: November 21st, 2026 at 10:19 am

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से मां की अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई। इस दौरान योगी ने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और अर्थी को कंधा दिया। मां को कंधा देते ही उनकी आंखें भर आईं और वह अपने आंसू नहीं रोक सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एंबुलेंस में मां के पार्थिव शरीर के साथ करीब 90 किलोमीटर की दूरी तय कर हरिद्वार पहुंच रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मां की अर्थी को कंधा देते हुए एक तस्वीर भी साझा की। इसके साथ उन्होंने महाभारत का एक श्लोक लिखा, जिसका भावार्थ है कि मां के समान न कोई छाया है, न कोई सहारा और न ही कोई सुरक्षा देने वाला। इस संदेश के जरिए योगी ने मां के प्रति अपना प्रेम और सम्मान जाहिर किया।
बता दें कि सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह 10:45 बजे पंचूर स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली थी। वह 91 वर्ष की थीं। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गांव पहुंचे थे। उन्होंने रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठकर समय बिताया। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया।
सावित्री देवी के अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार के चंडी घाट पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मंत्री संजय निषाद, स्वतंत्र देव सिंह, बाबा रामदेव और चिदानंद समेत 50 से अधिक विशिष्ट अतिथि घाट पहुंच चुके हैं। इसके अलावा कई अन्य प्रमुख लोगों के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंचने का सिलसिला जारी है।
मां के अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ लौटने का कार्यक्रम है। यहां उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होना है। मां के निधन के बावजूद योगी का पहले से निर्धारित सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए लखनऊ लौटना प्रस्तावित है।
![]()
Comments are off for this post.