Last updated: August 7th, 2026 at 08:06 am

पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने सहरसा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) अजीत अमर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई की है। विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट मिलने के बाद शुक्रवार सुबह उनके चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
EOU ने अजीत अमर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि उन्होंने अपनी ज्ञात आय से करीब 62.20 लाख रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी वैध आय से लगभग 72.35 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।
चार स्थानों पर एक साथ कार्रवाई
आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीमों ने पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में चार स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें सिवान जिले के दरौंधा स्थित पैतृक आवास, सहरसा के नया बाजार स्थित किराये का मकान, सहरसा स्थित सरकारी कार्यालय और छपरा के गंडक कॉलोनी स्थित सरकारी आवास शामिल हैं।
दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच
छापेमारी के दौरान जांच टीम बैंक खातों, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, निवेश संबंधी रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद जब्त किए गए दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
EOU के मुताबिक, तलाशी अभियान समाप्त होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई और मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सार्वजनिक की जाएंगी।
![]()
Comments are off for this post.