Human Live Media

HomeNewsफारूक अब्दुल्ला का पाकिस्तान को दो टूक संदेश, बोले- आतंकवाद छोड़ो, बातचीत से ही निकलेगा कश्मीर मुद्दे का हल

फारूक अब्दुल्ला का पाकिस्तान को दो टूक संदेश, बोले- आतंकवाद छोड़ो, बातचीत से ही निकलेगा कश्मीर मुद्दे का हल

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला
WhatsApp Image 2026-11-12 at 3.21.23 PM

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ कहा कि आतंकवाद के जरिए कश्मीर को हासिल करने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। कश्मीर भारत का हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।

Table of Contents

    गुरुवार को श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि कश्मीर में आतंकवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने उन दावों पर भी सवाल उठाए, जिनमें आतंकवाद खत्म होने की बात कही जाती है। किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) को निशाना बनाए जाने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले अब भी हो रहे हैं और यह चिंता का विषय है।

    अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने के दावों पर उन्होंने कहा कि आतंकवाद की मौजूदगी से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन लोगों को इससे डरने की जरूरत नहीं है।

    पाकिस्तान को संदेश देते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि हिंसा और आतंकवाद से किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने दोनों देशों के बीच बातचीत की वकालत करते हुए कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध के बाद भी बातचीत के जरिए समाधान निकाला गया है। ईरान-अमेरिका और रूस-यूक्रेन संघर्ष का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आखिरकार शांति का रास्ता बातचीत से ही निकलता है।

    अब्दुल्ला ने दक्षिण एशियाई देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए सार्क यानी SAARC को दोबारा सक्रिय करने की भी वकालत की। उन्होंने कहा कि सभी देशों को एक मंच पर बैठकर आपसी विवाद सुलझाने और विकास के रास्ते तलाशने चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की ओर से शुरू की गई इस क्षेत्रीय पहल को फिर से मजबूत करने की जरूरत बताई।

    उन्होंने दो टूक कहा कि गोलियां और बातचीत एक साथ नहीं चल सकतीं। पाकिस्तान को आतंकवाद का रास्ता छोड़कर संवाद के जरिए विवादों का समाधान तलाशना चाहिए।

    वहीं, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर पूछे गए सवाल पर फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने अभी तक किताब नहीं पढ़ी है। ऐसे में उसे पढ़े बिना इस पर कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

    Loading

    Comments are off for this post.