Last updated: November 12th, 2026 at 02:38 pm

जम्मू-कश्मीर के युवाओं को देश की संस्कृति, इतिहास और उपलब्धियों से जोड़ने के लिए भारतीय सेना ने एक खास पहल की है। बांदीपोरा जिले के 30 मेधावी छात्र अब देश के ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व के स्थलों को करीब से देखेंगे। गुरुवार को भारतीय सेना ने मानसबल से ‘नेशनल इंटीग्रेशन टूर 2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
‘ऑपरेशन सद्भावना’ के तहत आयोजित इस छह दिवसीय यात्रा में 30 छात्र, चार शिक्षक और सेना के जवान शामिल हैं। इस दौरान छात्र मथुरा, आगरा और नई दिल्ली का भ्रमण करेंगे। यात्रा में ताजमहल, आगरा का किला, प्रधानमंत्री संग्रहालय, नेहरू तारामंडल, राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र, जंतर-मंतर और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं।
इस दौरे के दौरान छात्र मथुरा में आयोजित चिल्ड्रन्स फेस्ट में भी हिस्सा लेंगे। यहां उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों की सांस्कृतिक परंपराओं को जानने और दूसरे प्रतिभागियों के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा।
यात्रा का एक अहम हिस्सा भारतीय सेना के जवानों के साथ संवाद भी होगा। इसके जरिए छात्र सेना की कार्यप्रणाली, अनुशासन, जिम्मेदारियों और मूल्यों को समझ सकेंगे।
भारतीय सेना का कहना है कि इस तरह की पहल का उद्देश्य कश्मीर के युवाओं को बेहतर शैक्षिक और सांस्कृतिक अनुभव देना, उनके नजरिए को व्यापक बनाना और उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। सेना की इस पहल से छात्रों को देश की विविधता और विरासत को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
![]()
Comments are off for this post.