Last updated: November 20th, 2026 at 05:43 am

जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में सक्रिय विदेशी आतंकवादियों तक राशन और जरूरी सामान पहुंचाने वाले नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस किश्तवाड़, उधमपुर समेत कई जिलों में ऐसे ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGWs) की पहचान करने में जुटी है, जो आतंकियों को मदद पहुंचाने में शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवादियों तक जरूरी सामान पहुंचाने वाली एक संगठित सप्लाई चेन की जानकारी मिली है। इस नेटवर्क के जरिए पहाड़ों में छिपे आतंकियों तक राशन और अन्य जरूरी वस्तुएं पहुंचाई जा रही थीं। खास बात यह है कि सामान ढोने वाले कई लोगों को इसकी जानकारी तक नहीं थी कि वे जिस सामग्री को पहाड़ों तक पहुंचा रहे हैं, उसका इस्तेमाल आतंकवादी करने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, कुछ लोग पीठ पर बैग लादकर तो कुछ खच्चरों के जरिए सामान निर्धारित स्थानों तक पहुंचाते थे। उन्हें बताया जाता था कि सामान सरकारी डिपो या दुकानों के लिए है। इसके बाद सामग्री को एक तय जगह पर छोड़ दिया जाता था, जहां से आतंकवादी उसे अपने ठिकानों तक ले जाते थे। इस पूरी व्यवस्था का मकसद आतंकियों के ठिकानों और उनकी गतिविधियों को सुरक्षा बलों की नजरों से दूर रखना था।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय विदेशी आतंकवादी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। वे किश्तवाड़, अनंतनाग, उधमपुर, डोडा, कठुआ और राजौरी-पुंछ के पीर पंजाल क्षेत्र के बीच आवाजाही करते हैं। छिपने के लिए पहाड़ों में बने मजबूत बंकरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर रही है। कुछ महीने पहले किश्तवाड़ में OGW नेटवर्क का पर्दाफाश कर कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में एक सरकारी कर्मचारी और दिहाड़ी मजदूर भी शामिल थे। दूसरे जिलों में भी इस तरह के नेटवर्क से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की गई है।
सूत्रों का कहना है कि कुछ लोगों ने डर या दबाव में आतंकवादियों की मदद की, जबकि कुछ को सामान पहुंचाने के असली मकसद की जानकारी नहीं थी। हालांकि, जानबूझकर आतंकवादियों की सहायता करने वालों के खिलाफ UAPA के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, सुरक्षा एजेंसियों ने 23 फरवरी 2025 को किश्तवाड़ में जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर सैफुल्ला समेत विदेशी आतंकवादियों के मारे जाने को बड़ी कामयाबी बताया है। एजेंसियों का मानना है कि आतंकियों तक मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने से पहाड़ी इलाकों में उनकी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का फोकस आतंकवादियों के मददगारों की पहचान करने और उनकी सप्लाई चेन को तोड़ने पर है।
![]()
Comments are off for this post.