Human Live Media

HomeNewsखान सर मामले में कानूनी कार्रवाई तेज, अग्रिम जमानत याचिका दाखिल; कोर्ट में कल होगी अहम सुनवाई

खान सर मामले में कानूनी कार्रवाई तेज, अग्रिम जमानत याचिका दाखिल; कोर्ट में कल होगी अहम सुनवाई

पटना के खान ग्लोबल स्टडीज में हुए फायरिंग और हंगामे के मामले में कानूनी कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है।
pic (1)

पटना के खान ग्लोबल स्टडीज में हुए फायरिंग और हंगामे के मामले में कानूनी कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। इस प्रकरण में संस्थान के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर की ओर से अग्रिम जमानत याचिका पटना सिविल कोर्ट में दाखिल की गई है। इस याचिका पर अब मंगलवार को सुनवाई निर्धारित की गई है।

Table of Contents

    इसी मामले में गिरफ्तार उनके दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी अदालत में सुनवाई पूरी हो चुकी है, जिसके बाद आदेश सुरक्षित रख लिया गया है। अदालत जल्द ही इस पर निर्णय सुना सकती है।

    सूत्रों के अनुसार, फायरिंग घटना से जुड़े दूसरे पक्ष के वकील ने आरोप लगाया है कि यह घटना जानबूझकर की गई थी, जिसके चलते जमानत का विरोध किया गया है।

    दूसरी ओर, पुलिस जांच अभी भी जारी है और चार दिन बीत जाने के बाद भी खान सर के ठिकाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

    इस बीच, शनिवार को उनके आत्मसमर्पण की चर्चाएं भी सामने आई थीं, लेकिन उनके वकील ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि सरेंडर की कोई योजना नहीं है। वकील का कहना है कि उनके मुवक्किल को गलत तरीके से फंसाया गया है और वे कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे।

    जांच के दौरान गार्डों के बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पूछताछ में गार्डों ने कथित रूप से फायरिंग करने की बात कही थी, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर में खान सर का नाम भी शामिल कर लिया है।

    इसी बीच प्रशासन ने खान ग्लोबल स्टडीज और उससे जुड़े अस्पताल परिसर में फायर सेफ्टी जांच की है। जांच में कई कमियां सामने आने के बाद संस्थान को सुधार के लिए समय दिया गया है। फायर विभाग ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में सुधार नहीं होने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

    इस मामले में पहले ही ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद और अन्य लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

    छात्र नेता दिलीप कुमार ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ता विवाद चिंता का विषय है और इससे राज्य की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और शांतिपूर्ण समाधान की अपील की है।

    फिलहाल सभी की नजरें पटना सिविल कोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई और पुलिस जांच की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

    Loading

    Comments are off for this post.