Last updated: November 24th, 2026 at 10:43 am

उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं जारी हैं। इसी बीच कांग्रेस के 39 संभावित उम्मीदवारों के नामों वाली एक सूची सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। इस सूची में प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा सीटों से कई नेताओं के नाम शामिल हैं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक इस सूची को आधिकारिक रूप से प्रमाणित नहीं किया गया है।
वायरल सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल तक की विधानसभा सीटों का जिक्र है। गौतमबुद्ध नगर जिले की नोएडा और जेवर सीटों पर भी संभावित दावेदारों के नाम सामने आए हैं। नोएडा से राजकुमार तंवर और दिनेश अवाना, जबकि जेवर से अजय छोंकर और सतीश शर्मा को संभावित उम्मीदवार बताया गया है।
वहीं, गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट से मांगे राम त्यागी और गाजियाबाद विधानसभा सीट से डॉली शर्मा का नाम सूची में शामिल है। पश्चिमी यूपी की अन्य सीटों में सहारनपुर की रामपुर मनिहारान, शामली की थाना भवन, मेरठ कैंट, मुजफ्फरनगर और मुरादाबाद नगर का भी उल्लेख किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा समेत कई बड़े नाम शामिल
इस कथित सूची में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना का नाम भी शामिल है। उन्हें प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से संभावित प्रत्याशी बताया गया है। इसके अलावा लखनऊ पूर्व से मुकेश चौहान और लखनऊ कैंट से नकुल दुबे का नाम सामने आया है।
कानपुर की गोविंदनगर सीट से जेपी पाल, किदवई नगर से विकास अवस्थी और महाराजपुर सीट से धर्मराज सिंह चौहान व संदीप शुक्ला को संभावित दावेदार बताया गया है।
बुंदेलखंड और पूर्वांचल में भी संभावित उम्मीदवारों के नाम
सूची में बुंदेलखंड की सीटों को भी जगह दी गई है। जालौन की उरई विधानसभा सीट से बृजलाल खाबरी और झांसी नगर से डॉ. सुधांशु द्विवेदी का नाम शामिल बताया गया है। वहीं, प्रयागराज उत्तर से अनुग्रह नारायण सिंह और बाराबंकी की हैदरगढ़ सीट से पीएल पुनिया को संभावित उम्मीदवार बताया गया है।
पूर्वांचल की बात करें तो गोंडा की गौरा, महाराजगंज की फरेंदा और नौतनवा, कुशीनगर, देवरिया की रुद्रपुर और बलिया नगर जैसी सीटों का भी जिक्र है। वाराणसी की पिंडरा सीट से अजय राय का नाम सामने आया है। इसके अलावा वाराणसी कैंट सीट भी इस सूची में शामिल है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच सूची सामने आने के क्या हैं सियासी मायने?
इस सूची के सामने आने का समय इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच संभावित सीट बंटवारे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में कांग्रेस के संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने आने से गठबंधन की रणनीति को लेकर नए सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, किसी भी गठबंधन में सीटों का बंटवारा सबसे अहम मुद्दा होता है। दोनों दल अपने-अपने मजबूत क्षेत्रों और दावेदार नेताओं के आधार पर सीटों पर दावा पेश कर सकते हैं। ऐसे में वायरल सूची को कांग्रेस की शुरुआती चुनावी तैयारी या संभावित दावेदारों के आकलन से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि सूची में शामिल सभी नामों पर पार्टी की सहमति है या नहीं। साथ ही सपा के साथ गठबंधन होने की स्थिति में कांग्रेस इनमें से कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा करेगी, यह भी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल इस वायरल सूची ने यूपी की सियासत में उम्मीदवारों और सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
![]()
Comments are off for this post.