Human Live Media

HomeNewsसंविधान दिवस पर लखनऊ पहुंचे मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस मुख्यालय में हुआ भव्य स्वागत

संविधान दिवस पर लखनऊ पहुंचे मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस मुख्यालय में हुआ भव्य स्वागत

लखनऊ: संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय
images – 2026-11-26T180830.882

लखनऊ: संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह पहली बार है, जब उन्होंने कांग्रेस के इस कार्यालय का दौरा किया है। उनके पहुंचने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। खड़गे राजधानी में आयोजित संविधान रक्षा मार्च और इससे जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए लखनऊ आए हैं।

Table of Contents

    राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पहुंचे मुख्यालय

    मल्लिकार्जुन खड़गे का लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय से पुराना जुड़ाव रहा है। इससे पहले वह वर्ष 2013 में केंद्रीय श्रम मंत्री के रूप में यहां आए थे। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान भी उन्होंने पार्टी कार्यालय पहुंचकर अपने पक्ष में समर्थन मांगा था। हालांकि, राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका इस मुख्यालय का पहला दौरा है। पार्टी नेताओं के अनुसार, लखनऊ की यह उनकी चौथी यात्रा है। इससे पहले वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए भी राजधानी पहुंचे थे।

    इंदिरा गांधी और महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

    कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के बाद खड़गे ने सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत का आयोजन हुआ। उन्होंने परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए।

    इस मौके पर गांधी प्रतिमा के समीप स्थापित संविधान स्मारिका का विमोचन भी किया गया। वहीं, कांग्रेस सेवा दल के मुख्य प्रदेश संगठक प्रमोद पांडेय के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने खड़गे को सलामी देकर उनका अभिनंदन किया।

    संविधान रक्षा मार्च के लिए जुटे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता

    संविधान दिवस के कार्यक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां एक बड़ा मंच बनाया गया है, जहां मल्लिकार्जुन खड़गे के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इसमें वरिष्ठ नेताओं, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

    मुख्यालय के कार्यक्रम के बाद खड़गे के आंबेडकर महासभा पहुंचने और डॉ. भीमराव अंबेडकर के अस्थि कलश पर श्रद्धासुमन अर्पित करने की योजना है। इसके अलावा हजरतगंज में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है।

    संविधान रक्षा मार्च पर प्रशासन की अनुमति का इंतजार

    कार्यक्रम के मुताबिक, दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आंबेडकर प्रतिमा तक संविधान रक्षा मार्च निकाला जाना है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक कांग्रेस को इस मार्च के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं मिली थी।

    ऐसे में संविधान दिवस पर कांग्रेस के इस कार्यक्रम के अगले चरण को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजरें प्रशासन के फैसले पर टिकी हुई हैं।

    Loading

    Comments are off for this post.