Human Live Media

HomeNewsयूपी में सीट शेयरिंग पर सपा-कांग्रेस में बढ़ी तकरार, इमरान मसूद बोले- 107 से कम सीटें मंजूर नहीं

यूपी में सीट शेयरिंग पर सपा-कांग्रेस में बढ़ी तकरार, इमरान मसूद बोले- 107 से कम सीटें मंजूर नहीं

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर खींचतान तेज
imran-masood-and-akhilesh-yadav-1795571174

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर खींचतान तेज होती जा रही है। दोनों दलों के बीच जारी बातचीत के बीच कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने साफ कर दिया है कि पार्टी 107 से कम सीटों पर समझौता करने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब कांग्रेस 107 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। अब अखिलेश मुख्यमंत्री नहीं हैं, ऐसे में कांग्रेस को इससे कम सीटें क्यों मिलनी चाहिए? मसूद ने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक वजूद मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे।

Table of Contents

    इमरान मसूद इससे पहले भी सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी पर सवाल उठा चुके हैं। बुधवार को एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने कांग्रेस से बातचीत पूरी किए बिना ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उम्मीदवारों का ऐलान पहले ही कर दिया गया, तो फिर गठबंधन में चर्चा का क्या औचित्य रह जाता है? मसूद ने यह भी कहा कि कांग्रेस किसी के सामने सीटों के लिए हाथ फैलाने वाली पार्टी नहीं है।

    125 सीटों की मांग पर सपा ने दिया 26 सीटों का प्रस्ताव

    दरअसल, सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के सामने 125 सीटों की मांग रखी थी। इसके जवाब में सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों की सूची सौंपी। इसी बीच मंगलवार रात करीब 10 बजे समाजवादी पार्टी ने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी कर दी। इस सूची में सहारनपुर की दो सीटें शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस अपना दावा जता रही थी।

    सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए लिखा कि जीतने वाली पहली 26 सीटों से शुरुआत हुई है। उन्होंने गठबंधन में आपसी सहमति और समझदारी के साथ बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद भी जताई। हालांकि, सोमवार और मंगलवार को दोनों दलों के बीच हुई बैठकों में सीटों को लेकर कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी। अब 26 और 27 नवंबर को फिर से बातचीत प्रस्तावित है।

    इकरा हसन ने इमरान मसूद को दी नसीहत

    इमरान मसूद के लगातार आ रहे बयानों पर सपा सांसद इकरा हसन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद को अपना अहंकार छोड़कर गठबंधन के हित में सोचना चाहिए। अगर बीजेपी को हराना है तो व्यक्तिगत जिद से ऊपर उठना होगा।

    इकरा हसन ने सवाल उठाया कि समाजवादी पार्टी अपनी जीती हुई सीटें कांग्रेस को क्यों दे? उन्होंने बताया कि कांग्रेस को दिए गए 26 सीटों के प्रस्ताव में दो ऐसी सीटें हैं, जहां सपा के मौजूदा विधायक हैं। इसके अलावा चार सीटों पर कांग्रेस 2022 के विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि बाकी 20 सीटें कांग्रेस की ओर से सुझाई गई सूची में शामिल थीं।

    फिलहाल सीटों को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी जारी है। ऐसे में आने वाली बातचीत में सीट शेयरिंग का कोई फॉर्मूला निकलता है या गठबंधन की मुश्किलें और बढ़ती हैं, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

    Loading

    Comments are off for this post.