Last updated: November 22nd, 2026 at 07:47 am

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने अखिलेश की भाषा और उनके हालिया बयानों पर सवाल उठाते हुए उन्हें अपनी संगत सुधारने और बड़े-बुजुर्गों से सीख लेने की नसीहत दी है।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अच्छी भाषा और व्यवहार सीखने के लिए अच्छी संगत में रहना चाहिए। उन्होंने अखिलेश के कुछ बयानों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उनकी जुबान से गुंडागर्दी वाली बातें निकल रही हैं। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि रामपुर वाले ‘चचाजान’ के लौटने से अखिलेश को या तो बहुत ज्यादा खुशी हुई है या फिर बड़ा सदमा लगा है।
राजभर ने आगे कहा कि अखिलेश को युवाओं और अपने समर्थकों के बीच बड़ी-बड़ी बातें करने के बजाय वरिष्ठ नेताओं से राजनीतिक व्यवहार सीखना चाहिए। उन्होंने रामपुर के नेता का उदाहरण देते हुए कहा कि 10 साल पहले उनकी भाषा और सरकारी कर्मचारियों को लेकर उनका रवैया भी कुछ ऐसा ही था, लेकिन अब उनके तेवर में पहले के मुकाबले नरमी आई है।
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों युवा मेहनत और लगन से सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में नेताओं के बयानों से उनका मनोबल नहीं गिरना चाहिए। राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में सरकारी कर्मचारियों और पुलिस व्यवस्था पर राजनीतिक दबाव रहता था।
अपने बयान के आखिर में राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब समय बदल चुका है। उनके मुताबिक, प्रदेश में पुलिस बल में बड़ी संख्या में ऐसे युवा शामिल हुए हैं, जो अपनी मेहनत और योग्यता के आधार पर भर्ती हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि यूपी में अब कानून का राज है और अखिलेश यादव को सरकारी कर्मचारियों को अपना गुलाम समझने वाली सोच छोड़ देनी चाहिए।
राजभर के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा और सुभासपा के बीच जुबानी टकराव एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
![]()
Comments are off for this post.