Last updated: November 22nd, 2026 at 07:40 am

उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद की मुलाकात के बाद नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। चंद्रशेखर आजाद के आवास पर ओवैसी के लंच करने के बाद इस मुलाकात पर कई नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। रोहिणी घावरी ने जहां खाने और बर्तनों को लेकर सवाल उठाए, वहीं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने संभावित गठबंधन और तीसरे मोर्चे की राजनीति पर निशाना साधा है।
रोहिणी घावरी ने खाने और बर्तनों को लेकर उठाए सवाल
चंद्रशेखर आजाद की पूर्व प्रेमिका रोहिणी घावरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस मुलाकात पर तंज कसा। उन्होंने लिखा, ‘बर्तन नए, खाना रेस्टोरेंट का, लेकिन घर जाटवों का। क्यों?’ इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि क्या जाटव मां के हाथ का बना खाना स्वीकार नहीं किया जा सकता? रोहिणी ने ओवैसी से यह भी पूछा कि वह चंद्रशेखर की मां को अपने घर कब आमंत्रित करेंगे।
इमरान मसूद ने गठबंधन की चर्चाओं को नहीं दी तवज्जो
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने ओवैसी और चंद्रशेखर की मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मेहमानों का स्वागत करना चाहिए और उन्हें अच्छा खाना खिलाना चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश में किसी तीसरे राजनीतिक गठबंधन की संभावना से इनकार किया।
मसूद ने कहा कि देश की राजनीति में मुख्य मुकाबला राहुल गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच है। उनका मानना है कि उत्तर प्रदेश में भी राजनीतिक लड़ाई इन्हीं दो धड़ों के बीच देखने को मिलेगी।
रामजी लाल सुमन बोले- तीसरे मोर्चे का कोई मतलब नहीं
समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने भी संभावित तीसरे मोर्चे की कोशिशों को अर्थहीन बताया। उन्होंने कहा कि ओवैसी गलतफहमी में हैं और उत्तर प्रदेश का मतदाता बीजेपी को हराना चाहता है। उनके मुताबिक, प्रदेश में बीजेपी को चुनौती देने की क्षमता केवल समाजवादी पार्टी के पास है। सुमन ने यह भी चेतावनी दी कि बीजेपी को हराने के लिए बन रही राजनीतिक एकजुटता के खिलाफ जाने वाले दलों को नुकसान हो सकता है।
यूपी में नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा तेज
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की मुलाकात के बाद जिस तरह कांग्रेस और सपा नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है, उससे उत्तर प्रदेश में विपक्षी राजनीति के नए समीकरणों पर बहस शुरू हो गई है। एक तरफ तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को लेकर अटकलें हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस और सपा फिलहाल ऐसे किसी गठबंधन को ज्यादा महत्व देने के पक्ष में नजर नहीं आ रही हैं। अब देखना होगा कि दोनों नेताओं की यह मुलाकात आगे चलकर किसी राजनीतिक गठबंधन का रूप लेती है या नहीं।
![]()
Comments are off for this post.