Last updated: June 7th, 2026 at 09:27 am

पटना में अग्निशमन विभाग द्वारा चलाए जा रहे फायर सेफ्टी जांच अभियान के तहत कई अस्पतालों और संस्थानों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में खान हेल्थ केयर अस्पताल को भी फायर सेफ्टी नियमों में पाई गई कमियों को लेकर नोटिस जारी किया गया है।
विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को 15 दिनों के भीतर सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं होने पर अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान अस्पताल में फायर सेफ्टी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण खामियां सामने आईं। इनमें अग्निशमन उपकरणों की कमी, आपातकालीन निकास व्यवस्था में खामियां और सुरक्षा मानकों का पालन न करना शामिल है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि 10 दिनों बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और स्थिति की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
बिहार अग्निशमन विभाग इन दिनों राज्यभर में अस्पतालों और होटलों की व्यापक जांच कर रहा है। हाल ही में दिल्ली और मुजफ्फरपुर में आग की घटनाओं के बाद विभाग ने यह अभियान और तेज कर दिया है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
जांच के दौरान पटना के कई अस्पतालों और होटलों में भी फायर सेफ्टी मानकों की गंभीर अनदेखी पाई गई है। कई जगह अग्निशमन उपकरण निष्क्रिय मिले, जबकि कुछ संस्थानों में इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी।
अधिकारियों ने बताया कि जहां गंभीर खामियां पाई गई हैं, वहां सीलिंग की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई किसी संस्था को निशाना बनाने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
फायर विभाग ने सभी अस्पतालों और सार्वजनिक संस्थानों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।
![]()
Comments are off for this post.