Last updated: October 15th, 2026 at 06:33 am

बिहार में पटना शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रमंडलीय आयुक्त-सह-निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार ने सभी उम्मीदवारों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित की गई है।
उम्मीदवारों को दिए गए सख्त निर्देश
निर्वाचन पदाधिकारी ने उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से जल्द निर्वाचन अभिकर्ता और मतदान अभिकर्ता नियुक्त कर इसकी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को किसी भी तरह का प्रलोभन देना या अनुचित सुविधा उपलब्ध कराना स्वीकार नहीं किया जाएगा। चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पटना, नालंदा और नवादा जिलों में फ्लाइंग स्क्वाड तैनात किए गए हैं।
वोट डालते समय इस नियम का रखें ध्यान
बैठक में मतपत्र पर पसंद दर्ज करने की प्रक्रिया को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। मतदाताओं को मतदान कक्ष में पीठासीन पदाधिकारी की ओर से उपलब्ध कराए गए आधिकारिक बैंगनी रंग के स्केच पेन से ही अपनी पसंद के उम्मीदवार के पक्ष में अधिमान्यता अंकित करनी होगी। किसी अन्य कलम का इस्तेमाल करने पर मतपत्र अमान्य हो सकता है।
प्रशासन ने उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों से मतदाताओं को इस नियम के बारे में जागरूक करने की अपील की है।
मतदान के दिन तीन वाहनों की अनुमति
निर्वाचन पदाधिकारी के मुताबिक, मतदान के दिन उम्मीदवार, उनके निर्वाचन अभिकर्ता और कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्रों का भ्रमण करने के लिए एक-एक वाहन की अनुमति होगी। इस तरह कुल तीन वाहनों का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
वहीं, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर चुनावी विज्ञापन प्रसारित कराने से पहले जिला स्तर पर कार्यरत मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (MCMC) से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। पटना जिले में एमसीएमसी कोषांग समाहरणालय के तीसरे तल पर स्थित है।
चुनावी गड़बड़ी की शिकायत के लिए WhatsApp नंबर जारी
प्रशासन ने चुनाव संबंधी गड़बड़ी, आचार संहिता के उल्लंघन या अन्य शिकायतों की जानकारी देने के लिए WhatsApp नंबर 8114593939 जारी किया है। इस नंबर पर संबंधित घटना की तस्वीर या वीडियो क्लिप भेजी जा सकती है, ताकि शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
भारत निर्वाचन आयोग ने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रेक्षक भी नियुक्त किए हैं। मतदाता और संबंधित पक्ष निर्वाचन संबंधी शिकायतें इन अधिकारियों तक भी पहुंचा सकते हैं।
– पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: संतोष कुमार मल्ल — 8882134237
– पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: बी. कार्तिकेय धनजी — 9810922727
23 अक्टूबर को वोटिंग, 27 अक्टूबर को काउंटिंग
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पटना शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में की जाएगी। बैठक में आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रोशन अली सहित विभिन्न उम्मीदवार और उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।
![]()
Comments are off for this post.