Last updated: November 21st, 2026 at 09:21 am

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली के लिए रवाना हो गए। अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन कर इसे देश को समर्पित करेंगे। नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल को ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है।
पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री वैशाली के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में बिहार को 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने वाली है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं।
वैशाली में प्रस्तावित कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों को पोस्टर-बैनर से सजाया गया है। नीतीश सेतु से लेकर जाफरपट्टी इंडस्ट्रियल एरिया तक जगह-जगह स्वागत संदेश लगाए गए हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए करीब 20 लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल पंडाल और मंच तैयार किया गया है।
वहीं, प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पटना एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, गंगा नदी और कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी लगभग 6,500 जवानों को सौंपी गई है, जिन्हें 70 कंपनियों के रूप में विभिन्न स्थानों पर लगाया गया है।
दौरे की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) भी वैशाली में कैंप कर रहे हैं। प्रशासन का पूरा ध्यान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर है।
![]()
Comments are off for this post.