Human Live Media

HomeNewsतिरंगे और मोदी-मोदी के नारों से गूंजा मैदान, खुली जीप में सवार होकर जनसभा में पहुंचे प्रधानमंत्री

तिरंगे और मोदी-मोदी के नारों से गूंजा मैदान, खुली जीप में सवार होकर जनसभा में पहुंचे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे के दौरान वैशाली की जनसभा में पहुंचे। यहां उनका स्वागत बेहद खास अंदाज
WhatsApp Image 2026-11-21 at 3.11.48 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे के दौरान वैशाली की जनसभा में पहुंचे। यहां उनका स्वागत बेहद खास अंदाज में किया गया। पीएम मोदी खुली जीप में सवार होकर सभा स्थल पर पहुंचे और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने गमछा भी लहराया। वहीं, जनसभा में मौजूद लोगों ने तिरंगा लहराकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पूरा मैदान मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग उत्साहित नजर आए।

Table of Contents

    प्रधानमंत्री के साथ खुली जीप में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। इससे पहले पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएम मोदी का स्वागत किया था। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बातचीत भी हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से वैशाली के लिए रवाना हुए।

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी प्रधानमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती पर पीएम मोदी का अभिनंदन करना उनके लिए गर्व की बात है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के दौरे को राज्य के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।

     वैशाली की इस जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार को लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण गंगा नदी पर बना कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल है, जिसे ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है। लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने और महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव घटने की उम्मीद है।

    इसके अलावा प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जबकि लगभग 14,450 करोड़ रुपये की नई योजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इन योजनाओं में सड़क निर्माण, बिजली, शहरी विकास, जल संसाधन, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

    बक्सर थर्मल पावर परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई भी इस दौरे की प्रमुख सौगातों में शामिल है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री 100 पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश का कार्यक्रम भी रखा गया है।

    फिलहाल वैशाली की जनसभा में प्रधानमंत्री के संबोधन पर सभी की निगाहें टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि अपने भाषण में पीएम मोदी बिहार के विकास और आने वाले समय की योजनाओं को लेकर कई अहम बातें रखेंगे।

    Loading

    Comments are off for this post.