Human Live Media

HomeNewsखरगे के ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ बयान पर PM मोदी का पलटवार, बोले- अंतिम सांस तक जनता की सेवा करता रहूंगा

खरगे के ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ बयान पर PM मोदी का पलटवार, बोले- अंतिम सांस तक जनता की सेवा करता रहूंगा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 'मोदी का बाप भी जाएगा' वाले बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पलटवार किया है।
6ade26f83cb35-mallikarjun-kharge-controversial-statement-over-pm-modi-25574332-16×9

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पलटवार किया है। गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह जीवन के अंतिम क्षण तक देश की जनता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने विपक्ष पर देश के मुश्किल हालात में अफवाह फैलाने और सरकार को बदनाम करने का आरोप भी लगाया।

Table of Contents

    प्रधानमंत्री शुक्रवार को भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने करीब 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

    ‘जीवन के अंतिम क्षण तक जनता की सेवा करता रहूंगा’

    जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “जीवन के अंतिम क्षण तक जनता की सेवा में ही जुटा रहूंगा।” उनका यह बयान मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के कुछ दिनों बाद आया है। हालांकि, प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में खरगे का नाम लेकर सीधे जवाब नहीं दिया।

    पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं, जिन्हें देश के मुश्किल दौर से गुजरने पर खुशी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान युद्ध के दौरान विपक्ष ने खाद और एलपीजी की किल्लत को लेकर अफवाहें फैलाईं, ताकि सरकार को बदनाम किया जा सके।

    क्या कहा था मल्लिकार्जुन खरगे ने?

    दरअसल, 25 अक्टूबर 2026 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने पटना पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा था कि ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’।

    इस पर खरगे ने जवाब देते हुए कहा था, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया। बीजेपी नेताओं ने खरगे की टिप्पणी की आलोचना की, जबकि कांग्रेस ने उनका बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने दर्शक की टिप्पणी के जवाब में यह बात कही थी।

    किसानों के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा

    पीएम मोदी ने अपने संबोधन में किसानों के कल्याण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा किसानों को प्राथमिकता दी है। वैश्विक परिस्थितियों के कारण खाद की कीमतों में भारी उछाल आया, लेकिन सरकार ने इसका बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया।

    प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के तहत छोटे किसानों को अब तक 4.5 लाख करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

    अमित शाह ने भी खरगे के बयान पर जताई थी नाराजगी

    खरगे की टिप्पणी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा था कि प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना मर्यादा के खिलाफ है।

    अमित शाह ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करती रही है। वहीं, कांग्रेस ने खरगे के बयान को कार्यक्रम में हुई टोका-टोकी के संदर्भ में बताया था।

    Loading

    Comments are off for this post.