Last updated: November 23rd, 2026 at 10:06 am

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आधुनिक तकनीक के जरिए अलग-अलग देशों की सांस्कृतिक विरासत और सभ्यतागत इतिहास को दुनिया के सामने नए तरीके से पेश किया जा सकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सांस्कृतिक सहयोग से देशों के बीच आपसी रिश्ते और मजबूत होंगे। शुक्रवार को दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में पहले SCO सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने ये बातें कहीं।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागारों में हजारों वर्षों का समृद्ध इतिहास और अनमोल विरासत मौजूद है। डिजिटल तकनीक की मदद से इस धरोहर को नई पीढ़ी तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया है। अब सांस्कृतिक और सभ्यतागत साझेदारी के जरिए सदस्य देशों के संबंधों को एक नई मजबूती दी जा सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि इतिहास में साम्राज्यों ने भले ही दुनिया की सीमाएं और नक्शे बदले हों, लेकिन सभ्यताओं के बीच हुए संवाद ने विचारों को समृद्ध करने और दुनिया को जोड़ने का काम किया है। पीएम मोदी के मुताबिक, यह मंच केवल औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इससे दुनिया को नई दिशा देने वाले विचार सामने आने चाहिए।
तकनीक की भूमिका पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले जिन देशों तक पहुंचने में महीनों लग जाते थे, आज वहां के लोगों से डिजिटल माध्यमों के जरिए कुछ ही सेकंड में संपर्क किया जा सकता है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ने ज्ञान साझा करने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को पहले से कहीं अधिक आसान बना दिया है। उन्होंने SCO के सदस्य देशों से इन तकनीकी अवसरों का अधिकतम इस्तेमाल करने की अपील की।
इस कार्यक्रम में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक समेत SCO के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। भारत के संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की ओर से आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग को बढ़ावा देना है।
गौरतलब है कि शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की स्थापना वर्ष 2001 में हुई थी। भारत और पाकिस्तान वर्ष 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने थे, जबकि ईरान को 2023 में संगठन की सदस्यता मिली।
![]()
Comments are off for this post.