Last updated: October 7th, 2026 at 10:58 am

9 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 मुकाबले से पहले रांची पहुंचने वाली फ्लाइट्स की मांग बढ़ गई है। मैच से पहले और बाद की तारीखों में कई रूट पर हवाई किराए में बड़ा उछाल देखने को मिल रहा है। क्रिकेट मैच देखने रांची पहुंचने वाले यात्रियों को टिकट के लिए सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा रकम चुकानी पड़ सकती है।
इसके साथ ही इंडिगो की ओर से घरेलू उड़ानों पर बढ़ाया गया फ्यूल चार्ज भी यात्रियों का खर्च बढ़ा रहा है। एयरलाइन ने 6 अक्टूबर से दूरी के हिसाब से फ्यूल चार्ज में बढ़ोतरी लागू की है।
हैदराबाद-रांची फ्लाइट का किराया 15 हजार के पार
6 अक्टूबर को उपलब्ध किराया आंकड़ों के मुताबिक, हैदराबाद से रांची की उड़ान के लिए 7 अक्टूबर का किराया करीब 15,716 रुपये तक पहुंच गया था। 8 अक्टूबर के लिए यह करीब 10,204 रुपये, 9 अक्टूबर के लिए 14,594 रुपये और 10 अक्टूबर के लिए करीब 12,867 रुपये दिख रहा था।
मुंबई से रांची आने वालों को भी ज्यादा किराया चुकाना पड़ सकता है। 9 अक्टूबर की उड़ान का किराया करीब 12,072 रुपये तक पहुंच गया, जबकि 7 और 8 अक्टूबर के लिए यह करीब 8,796 और 8,604 रुपये से शुरू होता दिखा।
मैच के बाद वापसी की फ्लाइट भी महंगी
सिर्फ रांची आने का किराया ही नहीं, मैच के बाद वापस लौटने वाली उड़ानों की कीमतें भी बढ़ी हुई हैं।
रांची-बेंगलुरु रूट पर 7 अक्टूबर का न्यूनतम किराया करीब 7,539 रुपये बताया गया, जबकि 8 से 10 अक्टूबर के बीच यह करीब 8,746 रुपये से उपलब्ध दिखा। एयर इंडिया एक्सप्रेस की वेबसाइट पर इसी रूट के लिए इन तारीखों में किराया करीब 7,891 रुपये से शुरू होता दिखाई दिया।
वहीं, रांची-दिल्ली रूट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस का शुरुआती किराया 7 से 10 अक्टूबर के बीच करीब 6,466 रुपये बताया गया। रांची-पुणे रूट पर 7 अक्टूबर को किराया करीब 8,333 रुपये, 8 अक्टूबर को 8,198 रुपये, 9 अक्टूबर को 8,333 रुपये और 10 अक्टूबर को 8,633 रुपये तक दिखा।
इंडिगो के फ्यूल चार्ज से भी बढ़ा खर्च
हवाई किराए में बढ़ोतरी के बीच इंडिगो ने भी घरेलू उड़ानों पर नया फ्यूल चार्ज लागू किया है। एटीएफ की कीमतों में एक महीने में 14 फीसदी से ज्यादा की वृद्धि के बाद एयरलाइन ने 6 अक्टूबर से दूरी के आधार पर नया शुल्क लागू किया।
अब 500 किलोमीटर तक की उड़ान पर 375 रुपये, 501 से 1,000 किलोमीटर तक 600 रुपये, 1,001 से 1,500 किलोमीटर तक 900 रुपये, 1,501 से 2,000 किलोमीटर तक 1,150 रुपये और 2,000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाली उड़ान पर 1,300 रुपये फ्यूल चार्ज लिया जा रहा है।
दो यात्रियों के आने-जाने पर 1,400 रुपये तक अतिरिक्त खर्च
उदाहरण के तौर पर 1,501 से 2,000 किलोमीटर की दूरी वाली इंडिगो उड़ान में नए शुल्क के तहत 350 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है। आने-जाने की दोनों उड़ानों पर यह अतिरिक्त खर्च करीब 700 रुपये हो सकता है।
अगर दो यात्री राउंड ट्रिप करते हैं तो केवल फ्यूल चार्ज के कारण अतिरिक्त खर्च करीब 1,400 रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि टिकट की अंतिम कीमत में बेस फेयर, टैक्स और दूसरे शुल्क भी शामिल होते हैं, इसलिए वास्तविक भुगतान अलग-अलग फ्लाइट और बुकिंग समय के अनुसार बदल सकता है।
![]()
Comments are off for this post.