Human Live Media

HomeCricketIPL से टक्कर लेने की कोशिश पड़ी भारी! PSL से बाहर हो सकती है क्वेटा ग्लैडिएटर्स, मालिक ने टीम बेचने के दिए संकेत

IPL से टक्कर लेने की कोशिश पड़ी भारी! PSL से बाहर हो सकती है क्वेटा ग्लैडिएटर्स, मालिक ने टीम बेचने के दिए संकेत

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की बराबरी करने की कोशिश पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है।
ipl-vs-psl-2-1777028847

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की बराबरी करने की कोशिश पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पिछले दो साल से आईपीएल के समान समय पर पीएसएल का आयोजन कर रहा है, लेकिन अब खुद पाकिस्तान के क्रिकेट जगत से इस फैसले पर सवाल उठने लगे हैं। क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक नदीम उमर ने स्वीकार किया है कि पीएसएल कमाई और कारोबारी क्षमता के मामले में आईपीएल का मुकाबला नहीं कर सकता। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी फ्रेंचाइजी बेचने की इच्छा भी जाहिर की है।

Table of Contents

    दरअसल, पीएसएल का आयोजन साल 2025 से मार्च और मई के बीच किया जा रहा है। यह वही समय है, जब दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग आईपीएल खेली जाती है। माना जा रहा था कि इस रणनीति से पीएसएल को आईपीएल के सामने खड़ा किया जा सकेगा, लेकिन दोनों लीगों के बीच आर्थिक अंतर अब भी काफी बड़ा है।

    ‘IPL के बाजार से मुकाबला करना संभव नहीं’

    क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक नदीम उमर ने कहा है कि अब पीएसएल से अलग होने का समय आ गया है। उन्होंने साफ किया कि अगर उन्हें अच्छी कीमत मिलती है और उनकी शर्तें पूरी होती हैं, तो वह अपनी टीम बेचने के लिए तैयार हैं।

    उमर ने आईपीएल और पीएसएल की तुलना को बड़ी गलती बताते हुए कहा कि भारत का क्रिकेट बाजार पाकिस्तान से कहीं ज्यादा बड़ा है। आईपीएल में जिस स्तर पर निवेश होता है, उस हिसाब से पाकिस्तान में ऐसे प्रायोजक उपलब्ध नहीं हैं, जो पीएसएल में उतनी बड़ी रकम लगा सकें।

    टिकट और प्रसारण से होती है IPL की मोटी कमाई

    नदीम उमर ने आईपीएल की कमाई के अलग-अलग स्रोतों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, आईपीएल को टिकटों की बिक्री, टीमों के सामान और प्रसारण अधिकारों से भारी राजस्व मिलता है। इसके मुकाबले पीएसएल के पास कमाई के सीमित विकल्प हैं।

    उन्होंने अपनी टीम की जर्सी का उदाहरण देते हुए बताया कि क्वेटा ग्लैडिएटर्स की असली जर्सी की कीमत करीब 1,000 रुपये रखी गई थी, लेकिन बाजार में उसकी नकली कॉपी महज 200 रुपये में उपलब्ध हो जाती है। इससे आधिकारिक सामान की बिक्री और टीम की कमाई प्रभावित होती है।

    एक बार चैंपियन बन चुकी है क्वेटा ग्लैडिएटर्स

    क्वेटा ग्लैडिएटर्स पाकिस्तान सुपर लीग की चर्चित टीमों में शामिल रही है। फ्रेंचाइजी चार बार टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंच चुकी है और एक बार खिताब भी अपने नाम किया है। इसके बावजूद टीम के मालिक अब आर्थिक चुनौतियों और सीमित कारोबारी संभावनाओं के चलते फ्रेंचाइजी बेचने पर विचार कर रहे हैं।

    नदीम उमर के बयान से एक बार फिर आईपीएल और पीएसएल की आर्थिक ताकत के बीच का अंतर चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि क्वेटा ग्लैडिएटर्स की फ्रेंचाइजी को लेकर आगे क्या फैसला होता है और क्या पीएसएल अपने मौजूदा कारोबारी मॉडल में बदलाव करता है।

    Loading

    Comments are off for this post.