Last updated: April 15th, 2026 at 11:33 am

Bihar Politics: बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। एक तरफ नई सरकार के गठन पर बधाइयों का सिलसिला जारी है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष लगातार तीखे हमले कर रहा है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बाद अब राजद परिवार की सदस्य रोहिणी आचार्य ने सत्ताधारी दल और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक सरकारी विज्ञापन का पोस्टर साझा करते हुए बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि शपथ ग्रहण के महज 24 घंटे के भीतर ही नीतीश कुमार को पोस्टर और प्रचार सामग्री से हटा दिया गया।
उन्होंने इसे ‘घोर बेइज्जती’ बताते हुए कहा कि इस्तीफे से पहले तक उन्हें सरकार का चेहरा बताया जा रहा था, लेकिन अब उनकी तस्वीर तक से दूरी बनाई जा रही है। रोहिणी ने अपने पोस्ट में तंज भरे अंदाज में लिखा कि सत्ता बदलते ही ‘रंग बदलने वाली जमात’ का रवैया भी बदल गया।
उन्होंने ‘कैच-22 सिचुएशन’ और ‘दुविधा में दोनों गए’ जैसे मुहावरों का इस्तेमाल करते हुए यह संकेत देने की कोशिश की कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में नीतीश कुमार असहज स्थिति में हैं।
इससे पहले भी रोहिणी आचार्य नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साध चुकी हैं। उन्होंने उन्हें ‘घूमंतू चेहरा’ बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के पास बिहार में मजबूत और जनस्वीकार्य नेतृत्व की कमी है।
रोहिणी ने यह भी कहा कि भाजपा अब तक अपने दम पर बिहार में सरकार नहीं बना सकी है और उसे हमेशा गठबंधन का सहारा लेना पड़ा है। उन्होंने सम्राट चौधरी के राजनीतिक अतीत का जिक्र करते हुए पार्टी की रणनीति पर भी सवाल उठाए।
बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही सियासी बयानबाज़ी जिस तरह तेज हुई है, उससे आने वाले दिनों में राजनीतिक माहौल और गर्म होने के संकेत मिल रहे हैं।
![]()
Comments are off for this post.