Last updated: September 28th, 2026 at 11:08 am

बिहार के रोहतास जिले में एक नाबालिग युवती की हत्या का मामला सामने आया है। बड्डी थाना क्षेत्र के डूमरखोह जंगल में एक कुएं से युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, शव को बोरे में डालकर कुएं में फेंका गया था और उसकी कमर में पत्थर बंधा हुआ था। मामले में पुलिस ने युवती के पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
तीन महीने पहले हुई थी नाबालिग से शादी
पुलिस के अनुसार, बड्डी थाना क्षेत्र के बिश्रामपुर गांव निवासी पिंकू बिंद ने करीब तीन महीने पहले बिक्रमगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की से शादी की थी। लड़की की उम्र कम होने के कारण दोनों परिवार और समाज से बचने के लिए पिंकू कथित तौर पर उसे लेकर डूमरखोह जंगल में रहने लगा था।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि जंगल में रह रहे पिंकू ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया है। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
कुएं से बरामद हुआ शव
जांच के दौरान पुलिस शुक्रवार रात डूमरखोह जंगल पहुंची। यहां घनी झाड़ियों के बीच स्थित एक कुएं की तलाशी ली गई, जहां से नाबालिग युवती का शव बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, शव बोरे में बंद था और उसकी कमर में भारी पत्थर बांधा गया था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम की भी मदद ली गई।
पति समेत दो आरोपी गिरफ्तार
रोहतास पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर पिंकू बिंद के साथ बिश्रामपुर गांव निवासी 40 वर्षीय धनजी पासी को भी गिरफ्तार किया है। रोहतास एसपी राज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रेम प्रसंग से जुड़े इस मामले में हत्या की आशंका को देखते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
![]()
Comments are off for this post.