Human Live Media

HomeNewsसैम पित्रोदा ने की पीएम मोदी की तारीफ, बोले- निजी तौर पर कोई मतभेद नहीं; प्रधानमंत्री ने भी दिया जवाब

सैम पित्रोदा ने की पीएम मोदी की तारीफ, बोले- निजी तौर पर कोई मतभेद नहीं; प्रधानमंत्री ने भी दिया जवाब

कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक मतभेद अक्सर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष
sam-pitroda-praised-pm-modi-1794473006

कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक मतभेद अक्सर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के एक बयान ने सबका ध्यान खींचा है। सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की व्यक्तिगत तौर पर तारीफ करते हुए उन्हें अपना गुजराती दोस्त बताया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के साथ उनके निजी संबंध अच्छे हैं और दोनों के बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है। वहीं, पित्रोदा की इस टिप्पणी पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी जवाब दिया है।

Table of Contents

    दरअसल, समाचार एजेंसी आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने कहा कि वह एक इंसान के तौर पर नरेंद्र मोदी का सम्मान करते हैं। उनकी पत्नी और वह खुद प्रधानमंत्री से कई बार मिल चुके हैं। पित्रोदा के मुताबिक, व्यक्तिगत मुलाकातों के दौरान मोदी उनके प्रति काफी स्नेहपूर्ण, दयालु और ख्याल रखने वाले रहे हैं।

    उन्होंने प्रधानमंत्री की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी एक अच्छे वक्ता हैं और काफी मेहनती भी हैं। पित्रोदा ने यह भी बताया कि वह गुजरात में प्रधानमंत्री के घर कई बार जा चुके हैं। एक गुजराती नेता, दोस्त और शुभचिंतक के रूप में उन्हें मोदी से कोई शिकायत नहीं है।

    वहीं, सैम पित्रोदा के इस बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सैम पित्रोदा और उनकी पत्नी अंजना बेन को दिवाली और नूतन वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि आने वाला साल आनंदमय और स्वस्थ हो। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के अंत में ‘जय जगन्नाथ’ भी लिखा।

    गौरतलब है कि सैम पित्रोदा इससे पहले कई बार प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी की नीतियों की आलोचना कर चुके हैं। उनके कुछ बयानों को लेकर राजनीतिक विवाद भी हुआ है। खासतौर पर भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों की शारीरिक बनावट को लेकर की गई उनकी टिप्पणी पर काफी हंगामा हुआ था।

    उस दौरान पित्रोदा ने भारत के पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के लोगों की तुलना अलग-अलग देशों और क्षेत्रों के लोगों से की थी। इस बयान पर प्रधानमंत्री मोदी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी और इसे देश के लोगों की पहचान और सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया था।

    ऐसे में राजनीतिक आलोचनाओं के बीच सैम पित्रोदा की ओर से प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत तारीफ और उसके जवाब में मोदी का शुभकामना संदेश अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

    Loading

    Comments are off for this post.