Last updated: May 30th, 2026 at 04:16 am

पटना : दिल्ली दौरे से वापस लौटने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हुई यह बैठक राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है, क्योंकि राज्य में जल्द ही विधान परिषद चुनाव होने वाले हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, एनडीए की रणनीति और आगामी विधान परिषद चुनाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। माना जा रहा है कि दिल्ली दौरे के दौरान हुई महत्वपूर्ण बैठकों की जानकारी भी सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के साथ साझा की।
राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देख रहे हैं। बिहार विधान परिषद की कई सीटों पर चुनाव होने वाले हैं, जिसके लिए सभी प्रमुख दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। ऐसे में एनडीए नेतृत्व के बीच लगातार संवाद को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हाल ही में दिल्ली दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से शिष्टाचार मुलाकात की थी। इसके अलावा केंद्र स्तर पर विभिन्न मुद्दों को लेकर भी कई महत्वपूर्ण बैठकें हुई थीं।
उधर, चुनाव आयोग द्वारा विधान परिषद चुनाव की अधिसूचना जारी किए जाने के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया जून के पहले सप्ताह में शुरू होगी, जबकि मतदान और मतगणना एक ही दिन संपन्न कराए जाएंगे।
बिहार की राजनीति में इस मुलाकात को आगामी चुनावी समीकरणों और गठबंधन की रणनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में उम्मीदवारों के चयन और चुनावी तैयारियों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां और बढ़ने की संभावना है।
![]()
Comments are off for this post.