Last updated: September 16th, 2026 at 11:12 am

बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय टीम ने राघोपुर प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर किसानों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
नाव और ट्रैक्टर से प्रभावित खेतों तक पहुंचे नेता
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तेरसिया दियारा पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। जिन इलाकों में पानी भरा हुआ था, वहां तक पहुंचने के लिए दोनों नेता पहले नाव से गए। इसके बाद ट्रैक्टर के जरिए जलजमाव वाले खेतों का निरीक्षण किया।
खेतों में पहुंचकर उन्होंने फसलों को हुए नुकसान को देखा और किसानों से बातचीत की। किसानों ने बाढ़ के कारण खेती और आजीविका पर पड़ रहे असर से उन्हें अवगत कराया।
केले की फसल को नुकसान, किसानों की बढ़ीं मुश्किलें
राघोपुर का तेरसिया इलाका बड़े पैमाने पर केले की खेती के लिए जाना जाता है। इस बार बाढ़ और लंबे समय तक जलजमाव रहने से केले सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।
कई खेतों में पानी जमा रहने के कारण किसानों के सामने फसल बचाने, खेतों से पानी निकालने और अगली बुवाई की तैयारी करने जैसी चुनौतियां हैं। किसानों को उम्मीद है कि नुकसान का आकलन होने के बाद उन्हें राहत मिल सकेगी।
पटना में होगी समीक्षा बैठक
तेरसिया और सरायपुर में निरीक्षण के बाद केंद्रीय टीम के पटना रवाना होने का कार्यक्रम है। वहां अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में बाढ़ से हुए नुकसान और राहत कार्यों की स्थिति पर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद केंद्रीय टीम के मुंगेर और भागलपुर समेत बिहार के अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी दौरा करने की जानकारी दी गई है। राघोपुर के किसानों को इस निरीक्षण से फसल नुकसान के आकलन और सरकारी सहायता को लेकर उम्मीदें हैं।
![]()
Comments are off for this post.